लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर टीम-9 के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की और कहा कि प्रदेश सरकार की प्रभावी रणनीति और निरंतर प्रयासों से राज्य में कोरोना संक्रमण नियंत्रित स्थिति में है, लेकिन इसका संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है।
इसलिए संक्रमण से बचाव के सम्बन्ध में थोड़ी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। इसके दृष्टिगत उन्होंने कोरोना प्रोटोकॉल का पूर्णतया पालन सुनिश्चित किए जाने तथा कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घंटो में राज्य में कोरोना संक्रमण के 19 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 74 व्यक्तियों को सफल उपचार के उपरान्त डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 256 है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अलीगढ़, अमेठी, बागपत, बांदा, बस्ती, बिजनौर, चित्रकूट, देवरिया, एटा, फर्रुखाबाद, गोण्डा, हमीरपुर, हरदोई, जौनपुर, कानपुर देहात, ललितपुर, महोबा, मऊ, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, संतकबीरनगर तथा सीतापुर में वर्तमान में कोविड का एक भी मरीज नहीं है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 1,73,419 कोरोना टेस्ट किए गए। अब तक राज्य में 07 करोड़ 23 लाख 18 हजार 979 कोविड टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लक्षित आयु वर्ग के सभी नागरिकों को कोरोना टीकाकरण का सुरक्षा कवच नि:शुल्क उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में टीकाकरण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि प्रदेश में अब तक 07 करोड़ 15 लाख 49 हजार से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं।


Download Android App
Download iOS App



