उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) जितेंद्र पाल सिंह का निधन हो गया। रविवार देर रात उन्होंने लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में अंतिम सांस ली। बीते सोमवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई के लिए रेफर किया था।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर हरिनन्दन ने बताया कि सीएमओ जितेंद्र पाल का लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टर पाल कोरोना वायरस से संक्रमित थे। उन्हें गत 29 दिसंबर को गंभीर स्थिति के मद्देनजर लखनऊ ले जाया गया था।
बता दें कि बलिया में रविवार को कोरोना वायरस की रिपोर्ट में आठ नए मरीज पाए गए हैं। जबकि बेरूआरबारी के असेगा निवासी एक वृद्ध की कोरोना से मौत होने की पुष्टि हुई है। इस प्रकार जिले में अब 101 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जिले में अब कुल मरीजों की संख्या 7147 हो गई है। इसमें 6993 लोग उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं, जबकि एक्टिव केस की संख्या 53 है।


Download Android App
Download iOS App



