मथुरा जिले में शनिवार की रात अपने कारोबारी साझेदार के साथ उसकी बुआ के यहां आए, तीस वर्षीय प्लास्टिक दाना और खिलौना व्यापारी प्रवीण की मौत पानी में डूबने से हुई थी। इस बात की पुष्टि उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है। गौरतलब है कि शनिवार की रात दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र के दलवीर नगर एक्सटेन्शन निवासी प्रवीण अपने पार्टनर उमेश गोयल के साथ कार से कोसीकलां बाईपास गया।
पुलिस के अनुसार, गोयल ने बताया कि कोसीकलां बाईपास में वह अपनी बुआ से मिलने घर के अंदर चला गया और प्रवीण कार में ही बैठा रहा। वह जब बाहर आया तो वहां न प्रवीण था, और न ही उसकी कार थी। अगले दिन रविवार की सुबह प्रवीण का शव अपर आगरा कैनाल में सहार पुलिस चौकी क्षेत्र में मिला। शव की पहचान की गई और प्रवीण के साले नरेश ने पार्टनर उमेश गोयल तथा एक अन्य साझेदार गुड्डू के खिलाफ प्रवीण की हत्या कर शव नहर में फेंक देने का मामला दर्ज कराया। बहरहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रवीण की मृत्यु पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है।
उसके शरीर पर भी चोट के निशान नहीं पाए गए थे। पुलिस पता लगा रही है कि आखिर प्रवीण वहां कैसे पहुंचा और उसकी कार कहां गई। हाईवे के सीसीटीवी फुटेज में कार से उमेश गोयल तो उतरता दिखाई दे रहा है किंतु, प्रवीण कहीं नजर नहीं आ रहा है। मामले की जांच जारी है।
वाहन से कुचल कर दो मजदूरों की मौत
मथुरा में सोमवार की रात दूसरे गांव में मजदूरी कर घर लौट रहे दो मजदूरों की राया-बलदेव रोड पर अज्ञात वाहन से कुचल कर मौत हो गई। पुलिस ने आज यहां बताया कि बलदेव क्षेत्र के गांव सौंख-पचावर निवासी दो मजदूर राया कृषि उत्पादन एवं विपणन मण्डी में मजदूरी करते थे। दोनों देर रात एक तिपहिया वाहन से गांव वापस लौट रहे थे। रास्ते में तिपहिया स्कूटर खराब हो गया और चालक ने उन्हें उतार दिया।
दोनों मजदूर एक अन्य व्यक्ति के साथ सड़क के किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी एक अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मजदूरों ने वहीं दम तोड़ दिया। एक अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। घटना की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



