Deoria Suspicious Voter Verification : उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित पंचायत चुनावों की तैयारी के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने देवरिया जिले में संदिग्ध मतदाताओं के सत्यापन अभियान को तेज कर दिया है। आयोग ने जिले के सभी 16 विकास खंडों में ऐसे 10,33,655 मतदाताओं की जांच के निर्देश दिए हैं, जिनके नाम दो स्थानों पर दर्ज होने या फर्जी होने की आशंका है। हालांकि अब तक इनमें से केवल 3,64,012 मतदाताओं का ही सत्यापन पूरा हो सका है। आयोग ने अधिकारियों को 28 मई तक हर हाल में जांच प्रक्रिया पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
तीसरी बार भेजी संदिग्ध सूची

वोटर सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान 2025-26 के तहत आयोग ने तीसरी बार संदिग्ध मतदाताओं की सूची देवरिया प्रशासन को भेजी है। पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिले की 1121 ग्राम पंचायतों के लिए प्रारंभिक मतदाता सूची पहले ही प्रकाशित की जा चुकी है।
फिलहाल बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। अब तक कुल सूची का केवल 35.22 प्रतिशत काम पूरा हो पाया है, जबकि 6,69,643 मतदाताओं की जांच अभी बाकी है। सीमित समय में शेष जांच पूरी करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
ब्लाकवार डिटेल
ब्लॉकवार सत्यापन की स्थिति पर नजर डालें तो भटनी ब्लॉक में सबसे अधिक 64,936 मतदाताओं की जांच पूरी की गई है। इसके अलावा सलेमपुर में 42,848, बनकटा में 29,565, रुद्रपुर में 25,725, भाटपाररानी में 24,758, भलुअनी में 23,958 और लार में 23,177 मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है।
इसी तरह देवरिया सदर में 22,541, गौरीबाजार में 20,696, रामपुर कारखाना में 20,638, बैतालपुर में 12,723, भागलपुर में 12,015, बरहज में 11,255, देसही देवरिया में 10,967, पथरदेवा में 9,520 और तरकुलवा में 8,662 मतदाताओं की जांच पूरी हुई है।
इससे पहले दूसरे चरण के सत्यापन अभियान में आयोग ने जिले को 10,39,081 संदिग्ध मतदाताओं की सूची भेजी थी। उस दौरान सभी 16 ब्लॉकों में की गई जांच के बाद करीब 57 हजार ऐसे नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे, जो फर्जी पाए गए या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे।


Download Android App
Download iOS App




