सपा पर धर्मेंद्र प्रधान का तीखा हमला – ‘अखिलेश के गुंडों, बिचौलियों के लिए अनुपयोगी हैं योगी’

Summary :

भाजपा के यूपी विधानसभा चुनाव के प्रभारी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अखिलेश योगी जी को अनुपयोगी कहते हैं, क्योंकि इनके गुंडों और बिचौलियों को जेल में डाल दिया, वे इसलिए अनुपयोगी हैं।

भाजपा के यूपी विधानसभा चुनाव के प्रभारी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अखिलेश योगी जी को अनुपयोगी कहते हैं, क्योंकि इनके गुंडों और बिचौलियों को जेल में डाल दिया, वे इसलिए अनुपयोगी हैं। 
गुंडागर्दी और दहशतगर्दी के लिए योगी अनुपयोगी – प्रधान 
मंगलवार को मऊ के घोशी में जन विश्वास यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अखिलेश योगी जी को अनुपयोगी कहते हैं, सही बात है उनके लिए योगी अनुपयोगी ही हैं, क्योंकि उन्होंने गुंडागर्दी और दहशतगर्दी करने वाले मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद को जेल में डाल दिया, वे इसलिए अनुपयोगी हैं क्योंकि उन्होंने गरीबों की जमीन और नौकरी हड़पने वाले आजम खान को जेल में डाल दिया। बिचौलिए और गुंडे, अपराधी जेल में हैं और यही सब अखिलेश के नवरत्न थे, इसलिए योगी अखिलेश के लिए अनुपयोगी हैं। हमारे योगी गरीबों, पिछड़ों, दलितों, वंचितों, महिलाओं और युवाओं के लिए बहुत उपयोगी हैं, क्योंकि उन्होंने उनके हित के लिए काम किया, उनके अधिकारों के लिए काम किया। 
सपा सरकार को गुंडे और माफिया पसंद थे – प्रधान 
उन्होंने कहा कि पहले की सरकार चंद लोगों की थी, उसे बिचौलिए पसंद थे, उसे दहशतगर्द पसंद थे, उसे गुंडे और माफिया पसंद थे। हमारी डबल इंजन की सरकार के केंद्र में इनमें से कोई नहीं है। यह गरीबों, पिछड़ों, दलितों, वंचितों, महिलाओं, युवाओं को केंद्र में रखकर काम करने वाली सरकार है। जिसने जनधन खातों से सीधे पैसे की मदद भेजी, जिसने घर बनाने के लिए सीधे खाते में पैसा दिया, जिसने बिजली दी, गैस कनेक्शन दिया, मुफ्त अनाज दिया, खाने का तेल, दाल और नमक दिया। जिसने माताओं बहनों को सशक्त किया, उनकी सुरक्षा का ध्यान दिया उन्हें भी सीधे खाते में मदद भेजी। 
केवल भाजपा की सरकार ने देशवासियों के बारे में सोचा – धर्मेंद्र प्रधान 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार न होती तो क्या होता यह पूरे प्रदेश की जनता समझती है। कोरोना में जब प्रदेश के गरीब, वंचित, पिछड़े और आम लोग विपत्ति में थे तो महलों में रहने वाले पीढ़ी दर पीढ़ी दिल्ली और यूपी की सत्ता में रहने वाले लोग घरों से नहीं निकले। निकली तो केवल हमारी भाजपा की सरकार। मोदी जी और योगी जी ने मिलकर देश और प्रदेशवासियों की चिंता की। उन्हें भोजन मिले, उन्हें सुरक्षा मिले, उन्हें रोजगार मिले, इसकी चिंता किसी ने की तो वो हमारी सरकार ने की। 

सपा शासन में राशन पर डाका डाला जाता था – प्रधान 
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि गरीबों और पिछड़ों के नाम पर राजनीति करने वालों ने केवल अपने महल खड़े किए, उन्होंने अपनों, अपने करीबियों का ही पोषण किया। 2017 के बाद भाजपा की सरकार न होती तो प्रदेश में ऐसी ही व्यवस्था जारी रहती। गरीबों को मिल रहे डबल राशन पर डाका डाला जाता। गरीब, पिछड़े, वंचित दलित, महिला और युवा के हक के पैसे की लूट होती और परिवारवादियों, सामंतवादियों के महल खड़े होते, उनकी सुख सुविधाओं की व्यवस्था होती। लेकिन प्रदेश की जनता ने डबल इंजन की सरकार चुनी है। जिसने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे बनाया, जिसने विपत्ति में सबकी रोजी और रोटी की चिंता की। 

Ujjwal Jain