डीएम दिव्यांशु पटेल का निर्देश- एमएलसी चुनाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, निष्पक्षता से कराएं मतदान

Summary :

डीएम ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोपरि है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करें। मतदान से जुड़ी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझें, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की परेशानी न आए।

Baghpat news

Baghpat news: मेरठ खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। बागपत में 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित पीठासीन अधिकारियों और मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने अधिकारियों को चुनावी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोपरि है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करें। मतदान से जुड़ी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझें, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की परेशानी न आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी प्रकार की समस्या या असमंजस होने पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल मार्गदर्शन लेने के निर्देश भी दिए।

7 केंद्रों पर 21 बूथ, 7,717 मतदाता करेंगे मतदान

जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल सात मतदान केंद्रों पर 21 बूथ बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 14 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सात बूथ शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 3,982 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,579 पुरुष और 1,403 महिला मतदाता हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 3,735 मतदाता हैं, जिनमें 1,906 पुरुष और 1,829 महिलाएं शामिल हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 84 मतदान कार्मिकों के साथ तीन जोनल मजिस्ट्रेट, सात सेक्टर मजिस्ट्रेट और 21 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। बागपत, बड़ौत, छपरौली, पिलाना, बिनौली और खेकड़ा विकासखंडों के साथ नगर पालिका बड़ौत में निर्धारित केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है।

16 अक्टूबर को होगा दूसरा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान प्रधानाचार्य सतवीर सिंह ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को सरल भाषा में उदाहरण देकर निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और निर्वाचन नियमों व आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। मतदेय स्थल पर मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर नहीं आने देने संबंधी निर्देशों की जानकारी भी दी गई।

मतदान कार्मिकों का दूसरा प्रशिक्षण 16 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, सभी उपजिलाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।