उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति को कथित तौर पर जिंदा जलाकर मार डाला। शुरुआती जांच में सामने आया कि पति शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। लंबे समय से हो रही प्रताड़ना के बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला मलवां थाना क्षेत्र के तारापुर असवार गांव का है। गांव के रहने वाले 38 वर्षीय अवधेश उर्फ पवन की 2 जुलाई को घर के बंद कमरे में जली हुई लाश मिली थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआत में मामला संदिग्ध लग रहा था, इसलिए पुलिस ने जांच शुरू की।
छोटे भाई की शिकायत के बाद बढ़ी जांच

मृतक के छोटे भाई राजकुमार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई और घटनास्थल से मिले सबूतों की भी जांच की गई। इसी दौरान पुलिस का शक मृतक की पत्नी प्रीति देवी पर गया। पुलिस ने प्रीति देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और अक्सर शराब पीने के लिए उससे पैसे मांगता था।
पैसे नहीं देने पर वह गाली-गलौज करता और मारपीट करता था। महिला ने बताया कि वह लंबे समय से पति की हरकतों से परेशान थी। महिला के अनुसार, घटना वाले दिन भी अवधेश शराब के नशे में घर आया और पैसों की मांग करने लगा। जब प्रीति ने पैसे देने से मना किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में अवधेश ने पत्नी की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद वह नशे की हालत में कमरे में रखी चारपाई पर सो गया।
सोते समय पेट्रोल डालकर लगा दी आग

पुलिस के अनुसार, मारपीट से परेशान प्रीति ने पति के सो जाने के बाद उस पर और चारपाई पर पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद उसने आग लगा दी। आग लगने के बाद महिला ने कमरे का दरवाजा बंद किया और बैंक जाने का बहाना बनाकर घर से निकल गई। कुछ समय बाद जब प्रीति वापस घर लौटी तो अवधेश की जलकर मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
इसके बाद उसने शोर मचाकर लोगों को बुलाया और घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन पुलिस जांच में कई ऐसे सबूत मिले, जिनसे महिला की कहानी पर शक हुआ। पूछताछ और जांच के बाद प्रीति देवी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मलवां थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की आगे भी जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




