कानपुर : पिता ने नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, गिरफ्तार

Summary :

कानपुर के घाटमपुर के बिराहिनपुर गांव में एक व्यक्ति अपनी बेटी के प्रेम सम्बन्ध से इतना खफा हो गया कि उस अपनी नाबलिग बेटी और उसके प्रेमी की कथित रूप से कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक पिता ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी की जान ले ली। जिले के घाटमपुर के बिराहिनपुर गांव में एक व्यक्ति अपनी बेटी के प्रेम सम्बन्ध से इतना खफा हो गया कि उस अपनी नाबलिग बेटी और उसके नाबलिग प्रेमी की कथित रूप से कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता शिव आसरे खंगर पेशे से ट्रक ड्राइवर है और उसे गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। घाटमपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन गौतम ने बताया कि शिव आसरे की 16 साल की बेटी का पड़ोस के 15 साल के किशोर के साथ प्रेम संबंध था। 
शुक्रवार को किशोरी के माता पिता रिश्तेदार की सगाई समारोह में शामिल होने बांदा गये थे, तब उसने अपने नाबालिग प्रेमी को घर बुला लिया। इस बात की जानकारी किशोरी के चाचा ने उसके पिता को दी। उन्होंने बताया कि उसके पिता ने लौटकर अपनी बेटी और उसके प्रेमी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच आरंभ कर दी है।

Desk Team