नोएडा मेट्रो के NMRC ऑफिस में लगी भीषण आग, दमकलकर्मियों ने पाया काबू

Summary :

सेक्टर 29 के गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्थित नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) के ऑफिस में अचानक आग लग गई।

सेक्टर 29 के गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्थित नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) के ऑफिस में अचानक आग लग गई। बिल्डिंग के सबसे ऊपर वाली मंजिल में आग लगने से हड़कंप मच गया। जिसके चलते इस घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
जिसके बाद दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है। दमकल विभाग ने इसकी जानकारी दी। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि करीब डेढ़ बजे लगी आग पर काबू पाने के लिये दमकल विभाग की 13 गाड़ियों को करीब ढाई घंटे तक मशक्कत करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि जिस समय आग लगने की घटना हुयी उस वक्त कार्यालय में 50 से अधिक लोग काम कर रहे थे, जिन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 29 में स्थित एनएमआरसी के दफ्तर में शुक्रवार दोपहर को अज्ञात कारणों से आग लग गयी।
उन्होंने बताया कि आग की वजह से तेज धुंआ निकल रहा था, जिससे आग बुझाने में दमकल विभाग के कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि पूरे ऑफिस में फॉल सीलिंग हुई थी, जिसकी वजह से आग फॉल सीलिंग के अंदर ही अंदर पूरी बिल्डिंग में फैल रही थी।
उन्होंने बताया कि अनुमान के हिसाब से फॉल सिलिंग को तोड़ा गया तथा आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग बुझाने में फायर बिग्रेड की 13 गाड़ियां लगाई गई थी। उन्होंने बताया करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में रखे फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा अन्य महत्वपूर्ण चीजें जलकर खाक हो गई है। गौरतलब है कि जिस परिसर में एनएमआरसी का दफ्तर है वहां आग लगी है, वहां कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के ऑफिस है ।

Desk Team