उत्तर प्रदेश के वाराणसी में छात्रा के साथ यौन शोषण के आरोप में बीजेपी के पूर्व विधायक की उनके ही कॉलेज परिसर में पिटाई कर दी। इसके साथ ही छात्रा के परिजनों ने पूर्व विधायक माया शंकर पाठक से कान पकड़कर माफी भी मंगवाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। जिससे पूर्व विधायक का परिवार काफी आहत हुआ।
छात्रा के परिजनों का आरोप है कि पूर्व विधायक ने छात्रा का यौन शोषण किया था। रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई मारपीट के वीडियो में पूर्व विधायक माया शंकर पाठक अपने कॉलेज के ऑफिस में बैठे हैं और 9वीं में पढ़ने वाली छात्रा के परिवार के 10 सदस्य उनके ऑफिस में आते हैं। इनमें से 2 लोग लड़की के साथ गलत हरकत करने को लेकर उन्हें डांटते हैं और पाठक से स्पष्टीकरण मांगते हैं।
बता दें कि भगतुआ इलाके में एमपी ग्रुप द्वारा संचालित इस कॉलेज के पाठक चेयरमेन हैं। बाद में स्थानीय लोग भी छात्रा के परिजनों के साथ मिलकर पाठक की जमकर पिटाई करते हैं। कथित तौर पर पिटाई के बाद पाठक ने कान पकड़कर माफी मांगी, जिसके चलते परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस में नहीं की। लेकिन पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पाठक का परिवार भी काफी आहत नजर आया।
पाठक चिरगांव विधानसभा क्षेत्र से 2 बार विधायक रह चुके हैं। वह बलुआ पहाड़िया मार्ग पर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के मालिक हैं। चौबेपुर थाना प्रभारी एस.के. शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि इस संबंध में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, लेकिन वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं पूर्व विधायक ने पूरी घटना को उनकी छवि खराब करने की राजनीतिक साजिश करार दिया है।
एक वीडियो के जरिये पाठक ने कहा कि कथित घटना लगभग एक हफ्ते पहले की है, जब लड़की गणतंत्र दिवस के भाषण की तैयारी कर रही थी। चूंकि लड़की ठीक से भाषण नहीं पढ़ पा रही थी, इसलिए उन्होंने उसे डांटा और भगा दिया। पाठक ने वीडियो में आगे कहा, “यदि किसी छात्रा को डांटना अपराध है, तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। मैंने इस तरफ ध्यान नहीं दिया कि लड़की का परिवार मुझसे बात करते हुए वीडियो बना रहा है। यह एक राजनीतिक साजिश है।”


Download Android App
Download iOS App



