देश में कोरोना महामारी और उसके नए स्ट्रेन से चल रही जंग के बीच में भारत के लिए बुरी खबर सामने आ रही है, दरअसल देश में बड़े पैमाने पर बर्ड फ्लू का कहर फैलने लगा है। महाराष्ट्र सोमवार को यानी आज इस बीमारी के प्रकोप की पुष्टि करने वाला आठवां राज्य बन गया। महाराष्ट्र के परभणी जिले के मुरुंबा गांव में स्थित पॉल्ट्री फार्म में करीब 800 मुर्गियों की मौत हो गई जिसके बाद इनके नमूने जांच के लिए भेजे गए। जांच में सामने आया कि मुर्गियों की मौत बर्डफ्लू के कारण हुई है। रिपोर्ट सामने आते ही प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी कर दिया गया।
बता दें कि बर्ड फ्लू की स्थिति की विवेचना के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा आज एक रिव्यु मीटिंग भी बुलाई गयी है। वहीं दूसरी तरफ दोनों पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश और हरियाणा के एवियन इन्फ्लूएंजा से पीड़ित होने के कारण, राष्ट्रिय राजधानी दिल्ली पहले से ही वीक जोन में है। लगातार कई दिनों तक दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर मरने वाले कौवों की संख्या में वृद्धि हुई है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए तैयारियां भी तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया कि गाजीपुर पॉल्ट्री फॉर्म 10 दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
इधर, दिल्ली में जिंदा पक्षियों के आयात पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। दिल्ली के हर जिले में निगरानी के लिए सर्विलांस टीम बना दी गई है। पशुओं के डॉक्टर लगातार सर्वे कर रहे हैं। संजय झील, भलस्वा झील और पॉल्ट्री मार्केट की निगरानी हो रही है। बता दें कि मरे हुए पक्षियों की जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 23890318 भी जारी कर दिया गया है। केरल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात पहले से ही बर्डफ्लू की चपेट में हैं।
हिमाचल प्रदेश के पोंग इलाके में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद हड़कंप है। यहां हर साल प्रवासी पक्षी आते हैं। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद यहां 3500 प्रवासी पक्षियों को मार दिया गया है। इसके अलावा राजस्थान के 11 जिले बर्ड फ्लू की चपेट में हैं। इनमें सवाई माधोपुर, पाली, दौसा और जैसलमेर भी शामिल हैं। सवाई माधोपुर में मरे कौओं में बर्ड फ्लू का एच 5 स्ट्रेन मिला है।