गोएयर की दिल्ली से वाराणसी की उड़ान, पीएमओ में राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने दिखाई हरी झंडी

Summary :

निजी क्षेत्र की एयरलाइन गोएयर की शुक्रवार को दिल्ली से वाराणसी के लिये उड़ान की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गोएयर की इस आरंभिक उड़ान को हरी झंडाई दिखाई।

निजी क्षेत्र की एयरलाइन गोएयर की शुक्रवार को दिल्ली से वाराणसी के लिये उड़ान की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गोएयर की इस आरंभिक उड़ान को हरी झंडाई दिखाई। 
एयरलाइन की यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस अवसर पर उनके साथ पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्य मंत्री का कार्यभार संभालने वाले आर. पी. सिंह भी मौजूद थे। 
जितेन्‍द्र सिंह ने इस अवसर पर गोएयर को बधाई देते हुये कहा, ”भारत के एक सबसे पावन शहर वाराणसी में गोएयर की उड़ान का उद्घाटन करते हुये मुझे बेहद खुशी हो रही है। दिल्‍ली से वाराणसी को जोड़ने की यह अच्‍छी पहल है, क्‍योंकि यह न सिर्फ आध्‍यात्मिक यात्रा को बढ़ावा देगी, बल्कि इससे वाराणसी जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी।” 
गोएयर के प्रबंध निदेशक जेह वाडिया ने इस अवसर पर कहा, ”मैं इस अवसर पर दिल्‍ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित हमारे सभी बिजनेस भागीदारों और टीम का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिनकी वजह से यह संभव हो पाया है। वाराणसी की हमारी उड़ानों से यात्रियों को वाराणसी के खूबसूरत अस्‍सी घाटों तक पहुंचने में मदद मिलेगी जहां उन्‍हें हमारी समृद्ध संस्‍कृति की झलक मिलेगी।” 
गोएयर दिल्‍ली से वाराणसी को रोजाना दो बार सीधी उड़ान सुविधा देगी। उड़ान संख्या G8-404 सुबह 10:30 बजे नई दिल्‍ली से उड़कर सुबह 11:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वहीं उड़ान G8- 403 सुबह 08:00 बजे वाराणसी से उड़ान भरकर 09:25 बजे दिल्‍ली पहुंचेगी। उड़ान संख्या G8-182 रात 8:30 बजे नई दिल्‍ली से उड़ान भरकर 10:00 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यही विमान G8-183 वापसी के लिये वाराणसी से रात 10:30 बजे चलकर आधी रात 12:10 बजे दिल्‍ली पहुंचेगा। 
गोएयर रोजाना 325 से अधिक उड़ानों का परिचालन करती है और 27 घरेलू गंतव्यों के लिये उड़ान सुविधा देती है। 

Shera Rajput