वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने निर्यात संवर्धन परिषदों (ईपीसी), निर्यातकों का शीर्ष निकाय फियो और जिंस बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विदेश व्यापार नीति और देश के निर्यात को बढ़ाने के उपायों के बारे में उनकी राय मांगी है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ईपीसी ने बृहस्पतिवार को करीब पांच घंटे चली बैठक में भारत के अन्य देशों खासकर आसियान (दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन) के सदस्य देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों तथा तरजीही व्यापार समझौतों पर भी अपने विचार दिये।
बयान के अनुसार ईपीसी से बजट के बारे में भी सुझाव लिये गये हैं ताकि उसे वित्त मंत्रालय को भेजा जा सके।
मंत्री ने निर्यात संवर्धन परिषदों से निर्यात के समय दूसरे देशों में गैर-शुल्क बाधाओं के बारे में अध्ययन करने को कहा ताकि इस पर गौर किया जा सके और उपयुक्त कदम उठाये जा सके।
बयान के अनुसार मंत्री ने सभी प्रतिनिधियों की सहमति से फरवरी में बजट के बाद एक और बैठक का निर्णय किया जिसमें हासिल किये गये लक्ष्यों तथा लंबित मामलों पर चर्चा की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



