हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी तेज रफ्तार थार, 4 दोस्तों की मौत, 1 युवक घायल

Summary :

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर 30-31 अगस्त की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना सिंभावली क्षेत्र में बदायूं से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार थार एसयूवी अनियंत्रित होकर 5-6 बार पलट गई।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। 30-31 अगस्त की दरमियानी रात को गंगा एक्सप्रेसवे एक थार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस थार में पांच लोग सवार थे, ये बदायूं से दिल्ली की तरफ जा रह थे। यह हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को हल्की चोट आई है।

अनियंत्रित होकर 5-6 बार पलटी थार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रात 12 बजे हुई। बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थार एक्सप्रेस-वे पर अचानक डगमगाई और 5-6 बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि थार के परखच्चे उड़ गए और बोनट पूरी तरह चकनाचूर हो गया। पांचों युवक थार के अंदर फंस गए, राहगीरों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

Hapur Thar Road Accident
Hapur Thar Road Accident (Image- Social Media)

घटना की जानकरी मिलते ही मौके पर सिंभावली थाना पुलिस पहुंची। राहगीरों की मदद से पांचों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद थार से बाहर निकाला और तुरंत सीएचसी सिखेड़ा भर्ती कराया गया।

चार दोस्तों की मौत, 1 घायल

जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले युवक बदायूं जिले के अलग-अलग गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान पालपुर निवासी जोगिंदर (26), मेवली निवासी दो सगे भाई सुखबीर (25), जसवंत (20) और पुरदलपुर निवासी रवि (20) के रूप में हुई है। वहीं पालपुर निवासी विष्णु (17) को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि रवि और जोगेंद्र ममेरे-फुफेरे भाई थे, जबकि विष्णु उनका चचेरा भाई है। पुलिस ने चारों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे का कारण ओवर स्पीड लग रही है। हालांकि मामले में आगे की जांच जारी है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।