CM योगी के निर्देशों का असर, जौनपुर में हिन्दू-मुस्लिम ने खुद उतारे मंदिर-मस्जिद से लाउडस्पीकर

Summary :

उत्तर प्रदेश में लाउडस्पीकर को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। जौनपुर पुलिस ने कई बड़े-छोटे मस्जिदों और मंदिरों से लाउडस्पीकर उतारने की कार्यवाही की।

उत्तर प्रदेश में लाउडस्पीकर को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। जौनपुर पुलिस ने कई बड़े-छोटे मस्जिदों और मंदिरों से लाउडस्पीकर उतारने की कार्यवाही की। वहीं पुलिस की बैठक के बाद कुछ मंदिर और मस्जिद प्रतिनिधियों ने खुद ही लाउडस्पीकर उतरवा दिए।
अटाला, शाहीपुल समेत करीब एक दर्जन मस्जिदों और मंदिरों से लाउडस्‍पीकर उतारे जा चुके हैं। जहां चार या अधिक लाउडस्‍पीकर लगे थे वहां लोगों ने खुद ही पहल करके दो लाउडस्‍पीकर कम कर लिए। कई स्‍थनों पर लगे लाउडस्‍पीकरों की आवाज धीमी की गई है। 
आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखने की अपील 
जौनपुर में एसपी सिटी ने आने वाले त्‍योहारों पर शांति व्‍यवस्‍था कायम रखने के मद्देनजर धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। बैठक में सभी धर्म के लोगों से त्‍योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखने की अपील की गई। इस बैठक के बाद ही आम लोगों शांति से अजान और पूजा का इंतजाम करने में जुट गए। 
लाउडस्पीकर को लेकर CM योगी के आदेश
यूपी सरकार ने धार्मिक स्‍थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज को परिसर तक ही रखने का आदेश दिया था। सीएम योगी ने कहा है कि अपनी धार्मिक विचारधारा के अनुसार सभी को अपनी उपासना पद्धति को मानने की स्वतंत्रता है। लाउडस्पीकर का प्रयोग किया जा सकता है, लेकिन यह सुनिश्चित हो कि आवाज धार्मिक परिसर से बाहर नहीं आनी चाहिए। जिससे अन्य लोगों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। यही नहीं योगी के आदेश में कहा गया है कि नए स्थलों पर लाउडस्पीकर लगाने की अनुमति न दें। 

Desk Team