लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर पूरे उत्साह से मतदान हुआ। शाम छह बजे तक शांतिपूर्ण माहौल के बीच करीब 62 . 30 फीसदी वोट पडे़। प्रदेश के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेश चंद्र राय ने बताया कि दूसरे चरण में राज्य की आठ सीटों नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा तथा फतेहपुर के लिये शाम छह बजे तक औसतन 62 . 30 फीसदी मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि शाम छह बजे तक नगीना में 62 . 10 फीसदी, अमरोहा में 68 . 77, बुलंदशहर में 62 . 14, अलीगढ़ में 62 . 80, हाथरस में 61 . 25, मथुरा में 60 . 56, आगरा में 59 . 60 और फतेहपुर सीकरी में 61 . 16 फीसदी वोट पडे़।
मतदान के दौरान कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी के कारण मतदान बाधित होने की खबरें मिलीं। बुलंदशहर में कई स्थानों पर जबकि अलीगढ़ और नगीना में भी कुछ जगहों पर ऐसी शिकायतें सामने आयीं हालांकि चुनाव आयोग ने इनकी पुष्टि नहीं की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में कई जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में खराबी आने पर चिंता जाहिर की।
अखिलेश ने ईवीएम पर एक बार फिर सवाल उठाते हुए कहा कि लोग कई बार टेक्नालाजी पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। इस बारे में आयोग और सरकार को भरेासा दिलाना चाहिये । सपा, बसपा समेत कई दल उच्चतम न्यायालय तक अपना पक्ष रख चुके हैं। सचाई यह है कि दुनिया में पहले जहां भी ईवीएम से मतदान होता था, वहां अब मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाता है।
उधर बिजनौर जिले के गज्जूपुरा गांव में बूथ नहीं बनाये जाने से नाराज स्थानीय लोगों ने गुरुवार को मतदान से इंकार कर दिया हालांकि बाद में स्थानीय प्रशासन के समझाने—बुझाने पर लोग वोट डालने पर राजी हो गये । बिजनौर के जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि गज्जूपुरा में मतदाताओं की संख्या 300 से कम है और चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत यहां के बूथ को दो किलोमीटर के दायरे में स्थित बूथ में ही शामिल कर दिया गया था।
नियम के मुताबिक 300 से कम मतदाताओं वाले बूथ को उससे बड़े बूथ के साथ जोड़ा जा सकता है बशर्ते दोनों को मिलाने पर मतदाताओं की कुल संख्या 1400 से ज्यादा नहीं हो। उन्होंने यह भी कहा कि गज्जूपुरा में मतदाताओं की संख्या बमुश्किल 200 है । उनके द्वारा बहिष्कार की खबर मिलने पर सम्बन्धित उप जिलाधिकारी को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने लोगों को समझाया—बुझाया । इसके बाद वे मतदान को तैयार हो गये । उनमें से कुछ तो पहले ही वोट डाल आये थे ।


Download Android App
Download iOS App



