सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में निषादराज की 80 फुट ऊंची मूर्ति स्थापित करने के बीजेपी के वादे पर पलटवार करते हुए शुक्रवार को कहा कि इसके बजाय वह लोगों के बेहतर भविष्य के लिये स्कूल, अस्पताल और सड़कें बनवाना पसंद करेंगे। अखिलेश ने ट्वीट में कहा ”वे (बीजेपी) 34 करोड़ रुपये की मूर्ति लगायेंगे।
उसका ठेका संघ (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के किसी सदस्य को दिलाएंगे। सामान चीन से मंगाएंगे। देखने का टिकट लगाएंगे और इसी तरह आपको झूठ बोलकर अमीरों को और अमीर बनाएंगे।” उन्होंने इसी ट्वीट में कहा, ”हम स्कूल, अस्पताल और सड़कें बनवाकर सबके लिये एक बेहतर भविष्य बनाएंगे।” अखिलेश ने यह ट्वीट बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के गुरुवार को प्रयागराज के श्रिंगवेरपुर में निषादराज की 80 फुट ऊंची मूर्ति की स्थापना किये जाने के वादे पर किया है।
मालूम हो कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर और सुलतानपुर में आयोजित रैलियों में कहा था, ”उस स्थान पर जहां भगवान राम ने केवट के पांव धोए थे, वहां योगी आदित्यनाथ सरकार निषादराज की 80 फुट ऊंची मूर्ति बनवाएगी। श्रंगवेरपुर में 34 करोड़ रुपये से यह मूर्ति निषादराज की स्मृति में लगायी जाएगी।”


Download Android App
Download iOS App




