लखनऊ : यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस बयान को लेकर करारा पलटवार किया जिसमें उन्होंने यादव और ठाकुर बिरादारी के लोगों पर ज्यादा शराब पीने की बात कही थी। पूर्व सीएम और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फेसबुक पर एक पोस्ट डाली, जिसमें पूर्व सीएम ने लिखा कि नशा लोग करते हैं जाति नहीं। दरअसल योगी सरकार के मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने 27 अप्रैल को कहा था कि नशा करने में राजपूत और यादव सबसे आगे हैं, राजभर सिर्फ पेशे की वजह से बदनाम हैं।इस बयान के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंत्री ओम प्रकाश राजभर के यादवों और राजपूतों को लेकर विवादित बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुये फेसबुक पर एक पोस्ट डाली है।
साथ ही उन्होने समाचार पत्र में छपी उक्त खबर की पेपर कटिंग भी प्रकाशित की है। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट मे लिखा है कि ‘केवल शराब ही क्यों गांजा, चिलम, ताड़ी, तम्बाकू, चरस, अफीम की पुड़िया और अहंकार के खिलाफ भी आंदोलन होने चाहिये। ये नशे भी तो आजकल खूब चल रहे हैं। नशा लोग करते हैं, कोई जाति नहीं। ‘ओमप्रकाश राजभर ने यह भी कहा था कि उनकी जाति पर शराब को लेकर सबसे ज्यादा आरोप लगते हैं, लेकिन यादव और राजपूत जाति के लोग इस मामले में सबसे आगे हैं, क्योंकि यह उनका पुश्तैनी कारोबार है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर काफी समय से यूपी में बिहार की तरह शराबबंदी की मांग करते आ रहे हैं। उनके अनुसार गरीबी को उखाड़ फेंकने के लिए शराबबंदी बेहद जरूरी है। वह इसके लिए आंदोलन किए जाने की बात भी कह चुके हैं। उन्होंने कहा था कि 20 मई से बलिया से शराबबंदी की मुहीम शुरू की जाएगी।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



