पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयांनद के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली लड़की की रंगदारी के आरोप में गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चिन्मयानंद के साथ साठगांठ है।
पार्टी प्रवक्ता राजीव त्यागी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में जिस तरह से अपराधों की ज्वालामुखी फूट रही है वो चिंता का विषय है। जिस तरह से योगी सरकार अपराधियों को शरण दे रही है, वो और भी चिंता का विषय है। उत्तर प्रदेश में अपराधी भयमुक्त है। अपराधी अपराध करने के बाद सरकार की शरण में चले जाते हैं और पीड़ित भयभीत हो जाते हैं।’’ त्यागी ने दावा किया, ‘‘पीड़िता को गिरफ्तार कर लिया गया तो चिन्मयानंद एसी कमरे में आराम फरमा रहे हैं।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘चिन्मयानंद पर अब तक बलात्कार की धारा क्यों नहीं लगी? क्या योगी जी की चिन्मयानंद के साथ साठगांठ है? कांग्रेस प्रवक्ता ने इस मामले में यह भी सवाल भी किया कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की बात करने वाले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत चिन्मयानंद के मामले में अब तक खामोश क्यों हैं?
गौरतलब है कि चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली 23 वर्षीय छात्रा को उनसे पांच करोड़ रूपये की रंगदारी मांगने के आरोप में विशेष जांच दल :एसआईटी: ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है ।


Download Android App
Download iOS App



