कमलेश तिवारी हत्याकांड: साजिश रचने वालों की अदालत में पेशी

Summary :

हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी की हत्या की साजिश रचने वाले गुजरात के सूरत निवासी रशीद अहमद पठान उर्फ राशिद, मौलाना मोहसिन शेख व फैजान यूनुस को आज अदालत में पेश किया जाएगा।

हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी की हत्या की साजिश रचने वाले गुजरात के सूरत निवासी रशीद अहमद पठान उर्फ राशिद, मौलाना मोहसिन शेख व फैजान यूनुस को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। लखनऊ पुलिस तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई है। 
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि तीनों साजिशकर्ताओं को कड़ी सुरक्षा में एक गोपनीय स्थान पर रखा गया है। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि तीनों साजिशकर्ताओं को रविवार देर रात लखनऊ लेकर आया गया था। इस बीच कानपुर देहात का टैक्सी चालक, कानपुर के रेल बाजार स्थित मोबाइल फोन दुकानदार समेत तीन लोगों को भी लखनऊ लाया गया। 
एसआईटी ने साजिशकर्ताओं व उपरोक्त तीन संदिग्धों से करीब चार घंटे तक पूछताछ की। सूरत से कमलेश तिवारी की हत्या की साजिश रचने वाले मौलाना मोहसिन, राशिद पठान और फैजान से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर पूछताछ हो रही है। इससे पहले सोमवार को एसआईटी के साथ ही एनआईए, एटीएस, आईबी और अन्य एजेंसियों के अधिकारी दिनभर उनसे पूछताछ करते रहे। 
पूछताछ के अधार पर पुलिस टीमों को अन्य जिलों में भी रवाना किया गया है। ज्ञात हो कि लखनऊ के खुर्शीदबाग में बीते शुक्रवार को दिन दहाड़े हिंदूवादी नेता कमलेश तिवारी की हत्या कर दी गई थी। नाका थाना क्षेत्र इलाके में तिवारी की चाकुओं से गोदकर हत्या की गई थी। 

Desk Team