उत्तर प्रदेश सरकार ने सप्ताहांत पर लगाए गए कोरोना कर्फ्यू की अवधि सोमवार को दो और दिनों के लिए बढ़ा दी। सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि सरकार ने पिछले शुक्रवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक लागू किए गए कोरोना कर्फ्यू को सोमवार को दो और दिनों के लिए बढ़ा दिया है। अब यह कर्फ्यू छह मई सुबह सात बजे तक लागू रहेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह व्यवस्था इसी हफ्ते के लिए की गई है।
सहगल ने बताया कि राज्य सरकार ने फैसला प्रदेश में कोरोना संक्रमण की श्रंखला को तोड़ने के अपने प्रयासों के तहत लिया है। इस दौरान केवल आवश्यक और अनिवार्य सेवाएं ही यथावत जारी रहेंगी। औद्योगिक गतिविधियां और वैक्सीनेशन कार्य साप्ताहिक बंदी में भी जारी रहेगा। इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सार्वजनिक आयोजन में खुले स्थान पर अधिकतम 100 व्यक्ति तथा बन्द स्थान पर अधिकतम 50 व्यक्तियों की सीमा तथा पूर्ण कोविड प्रोटोकॉल के पालन के साथ इजाजत दी गई है। किसी भी धार्मिक स्थल में एक समय में पांच से अधिक लोगों की मौजूदगी पर पाबंदी लगाई गई है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों तथा हवाईअड्डे पर लोगों की इंफ्रारेड थर्मामीटर तथा पल्स ऑक्सीमीटर से स्क्रीनिंग तथा लक्षण के आधार पर टेस्टिंग प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं उत्तर प्रदेश में रविवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से 290 मरीजों की मौत हो गई और 30,983 नये मरीज पाए गये। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 290 संक्रमितों की मौत हो गई और अब तक कुल 13,162 संक्रमित अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 30,983 नये मरीज पाये जाने के बाद अब तक कुल मामलों की संख्या 13,13,361 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



