विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की शुक्रवार को हत्या में शामिल आरोपियों में से एक अरबाज को सोमवार को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त नवेंदु कुमार ने मीडिया को बताया कि आज दोपहर धूमनगंज थाना अंतर्गत नेहरू पार्क के जंगल में अरबाज की उप्र पुलिस की टीम के साथ मुठभेड़ हो गयी, जिसमें पुलिस ने अरबाज को मार गिराया। उन्होंने बताया कि उमेश पाल पर हमले के लिए हमलावरों ने जिस कार का इस्तेमाल किया था, अरबाज उस कार का ड्राइवर था।
पुलिस के साथ अरबाज की मुठभेड़ दोपहर करीब तीन बजे हुई। अरबाज के साथ और दो-तीन लोग थे जो मौके से भाग गये। नवेंदु ने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को उमेश पाल और उनके सुरक्षाकर्मी संदीप निषाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि हमले में घायल दूसरे सुरक्षाकर्मी राघवेंद्र सिंह को गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से रविवार को उन्हें लखनऊ भेज दिया गया ।


Download Android App
Download iOS App



