भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की वेबसाइट को हैक करने और नकुद इलाके में अपनी कंप्यूटर की दुकान में हजारों फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति विपुल सैनी उसी पासवर्ड से चुनाव आयोग की वेबसाइट पर लॉग इन करता था, जिसका इस्तेमाल चुनाव आयोग के अधिकारी कर रहे थे।
चुनाव आयोग ने कुछ हरकत देखी थी और कई जांच एजेंसियों को मामले की सूचना दी थी, जिन्होंने सैनी के स्थान का पता लगाया और सहारनपुर पुलिस को सूचित किया। साइबर सेल और सहारनपुर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गुरुवार को सैनी को मछरहेड़ी गांव से गिरफ्तार किया है। सैनी के पास कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) में स्नातक की डिग्री है। पुलिस ने उसकी दुकान पर भी छापेमारी कर हार्ड ड्राइव और कंप्यूटर जब्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सैनी के बैंक खाते में लाखों रुपये का लेनदेन हो रहा था। सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एस. चनप्पा ने कहा, “अभी तक, हम यह नहीं कह सकते कि वह इन काडरें को क्यों बना रहा था या किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जा रहा था। इसकी गहरी जांच की जानी बाकी है।” पूछताछ में सैनी ने मध्य प्रदेश के हरदा जिले के रहने वाले अरमान मलिक को भी अपना साथी बताया है। दिल्ली में जांच एजेंसियां अब कोर्ट के जरिए सैनी की रिमांड मांगेगी।


Download Android App
Download iOS App



