उत्तर प्रदेश के वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार देर रात ठाकुर जी के महाभिषेक के बाद मंगला आरती के समय भगवान की एक झलक पाने के लिए मची भगदड़ में दो श्रध्दालुओं की दबकर मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर ट्वीट करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।
सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान नोएडा सेक्टर-99 की रहने वाली निर्मला देवी और रुक्मणि बिहार कॉलोनी निवासी राम प्रसाद विश्वकर्मा के रूप में हुई है।उन्होंने बताया कि परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शनिवार सुबह शवों को लेकर घर चले गए।
मंदिर में स्थिति अब पूरी तरह से सामान्य

दुबे के मुताबिक, मंदिर में जिस समय भगदड़ मची, उस समय जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव और नगर आयुक्त अनुनय झा सहित भारी पुलिस बल वहां मौजूद था।उन्होंने बताया कि भगदड़ मचते ही पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं को मंदिर से बाहर निकालना शुरू कर दिया। इस हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं को वृंदावन के रामकृष्ण सेवा मिशन, ब्रज हेल्थ केयर और सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दुबे के अनुसार, मंदिर में स्थिति अब पूरी तरह से सामान्य है और श्रद्धालु सुचारु रूप से दर्शन कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



