सपा-बसपा गठबंधन पर प्रहार करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती, नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पिछड़ों की एकजुटता से घबरा गये हैं। मौर्य ने ट्वीट कर कहा, ”मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पिछड़ों की एकजुटता से घबड़ाये मायावती और अखिलेश।” उन्होंने कहा, ”पिछड़े वर्ग के प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ सबका विकास का विश्व रिकॉर्ड बनाया… नकली भतीजा-नकली बुआ का गठबंधन खोदा पहाड़ निकली चुहिया साबित होगा।”
मौर्य ने कहा कि मोदी समीकरण की वजह से जाति समीकरण फेल हो गया है। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ”भ्रष्टाचार की सजा पाने के डर से ठगबंधन बनाने वाले मिलावटी-बनावटी-दिखावटी-गिरावटी लोग मोदी जी को प्रधानमंत्री बनने और कमल का फूल खिलने से देश और प्रदेश मे नहीं रोक पाएंगे । देश की जनता ने मोदीजी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है।”
मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बर्बादी के लिए सपा-बसपा जिम्मेदार है। अगर दोनों दलों ने 15 साल के अपने कार्यकाल में प्रदेश का विकास, गरीबों और दलितों पिछड़ों के उत्थान का काम किया होता तो आज हमारा प्रदेश देश का नंबर एक प्रदेश होता है। उन्होंने कहा कि जिनके लिए गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और परिवारवाद प्रथम है, उनसे जनता को कोई आशा नहीं है। जनता ने अपना और अपने आने वाली पीढ़ियों का उज्जवल भविष्य नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देखा है और आगे देखने का विश्वास है। भाजपा सुशासन, खुशहाली, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा का पर्याय है ।


Download Android App
Download iOS App



