प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोशल मीडिया (social media) प्लेटफॉर्म से हटने के बारे में विचार जाहिर करने पर बसपा (Bahujan samaj party) और सपा (Samajwadi Party) ने तंज कसा है तो उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कलाकारों में इस बात को लेकर मायूसी है।
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कलाकारों ने मंगलवार को गीत के जरिए इस फैसले को वापस लेने की मार्मिक अपील की। बसपा मुखिया मायावती ने प्रधानमंत्री के इस कदम को जनता का ध्यान हटाने का एक और राजनीतिक स्वार्थ भरा प्रयास बताया। वहीं, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि छोड़ने के लिए और भी बहुत कुछ सार्थक है साहब।
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा की गोद में बैठकर लोकगीत कलाकारों ने अपने गाने के माध्यम से होली की दुहाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी से निवेदन किया है कि कृपया सोशल मीडिया को छोड़ने का फैसला मत लीजिए। गायकों ने नमो-नमो गाते हुए तबले की थाप पर भोजपुरी गीत गाया।
गीतकार संदीप ने अपने गाने के माध्यम से आग्रह किया कि ‘इस फगुआ पर इतना बड़ा कदम मत उठाइए। इसी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के कारण हम आपके नजदीक रहते हैं। ऐसे में अगर होली के अवसर पर आप यह कदम उठाते हैं तो होली का माहौल गमगीन हो जाएगा।’

बसपा अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट में लिखा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सोशल मीडिया से पूरी तरह से अलग होने की कल की गई घोषणा काफी सुर्खियों में है। लेकिन लोग आशंकित हैं और उन्हें इनका यह कदम वास्तव में इनकी पार्टी व सरकार की कमियों पर से जनता का ध्यान हटाने का एक और राजनीतिक स्वार्थ भरा प्रयास ही ज्यादा लगता है। वहीं सपा मुखिया अखिलेश ने लिखा, सामाजिक संवाद के रास्ते बंद करने की सोचना अच्छी बात नहीं है।
छोड़ने के लिए और भी बहुत कुछ सार्थक है साहब, जैसे सत्ता का मोह-लगाव, विद्वेष की राजनीति का ख्याल, मन-मर्जी की बात, चुनिंदा मीडिया से करवाना मनचाहे सवाल और विश्व विहार। कृपया इन विचारणीय बिंदुओं पर भी करें विचार।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात सोशल मीडिया से यह ऐलान कर सबको चौंका दिया कि वह अगले रविवार से सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटने की सोच रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को माइक्रो ब्लगिंग साइट ट्विटर पर अपने मन की बात जाहिर करते हुए कहा था कि ‘इस रविवार से मैं फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब पर अपने सभी खातों को छोड़ने के बारे में विचार कर रहा हूं। इस बारे में जानकारी दूंगा।’

हालांकि प्रधानमंत्री ने आज फिर से ट्वीट कर कहा कि महिला दिवस पर अपने जीवन और कार्यों से समाज को ‘प्रेरित’ करने वाली महिलाओं को एक दिन के लिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स चलाने के लिए देंगे। प्रधानमंत्री इस बाबत मंगलवार को अपने ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट कर ऐसी महिलाओं को आगे आने या ऐसी महिलाओं के बारे में बताने के लिए लोगों से आग्रह किया है।


Download Android App
Download iOS App



