मायावती ने अपने जन्मदिन को ‘जनकल्याणकारी दिवस‘ के रूप में मानाने की कार्यकर्ताओं से की अपील

Summary :

बहुजन समाज पार्टी (बसपा)सुप्रीमो ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे उनके जन्मदिन को ‘जनकल्याणकारी दिवस‘ के रूप में मनाएं। मायावती का जन्मदिन 15 जनवरी को होता है।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा)सुप्रीमो ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे उनके जन्मदिन को ‘जनकल्याणकारी दिवस‘ के रूप में मनाएं। मायावती का जन्मदिन 15 जनवरी को होता है। 
मायावती ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया,‘‘यह विदित है कि कल यानी 15 जनवरी, 2021 को मेरा 65वां जन्मदिन है, जिसे पार्टी के लोग कोरोना वायरस महामारी के चलते पूरी सादगी से और कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन करते हुए मनाएं। यदि इसे पीड़ितों, गरीबों, असहायों आदि की अपने सामर्थ्य के अनुसार मदद करके ‘जनकल्याणकारी दिवस‘ के रूप में मनाया जाए, तो बेहतर होगा।’’ 

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मेरे जन्मदिन पर मेरी लिखी पुस्तक ‘मेरे संघर्षमय जीवन एवं बी.एस.पी. मूवमेन्ट का सफरनामा, भाग-16’ और इसका अंग्रेजी संस्करण ‘ए ट्रैवलॉग ऑफ माइ स्ट्रगल रिडन लाइफ एंड बीएसपी मूवमेंट, वॉल्यूम 16’ जारी होगा, जिसे पढ़कर आत्म-सम्मान एवं स्वाभिमानी आंदोलन को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी।’’ गौरतलब है कि मायावती हर वर्ष अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाती हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कोरोना वायरस महामारी के चलते इस बार उनका जन्मदिन धूमधाम से नहीं मनाया जाएगा। 

Desk Team