BSP प्रमुख मायावती ने की विकास दुबे के मुठभेड़ मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

Summary :

मायावती ने कहा, ”यह उच्च-स्तरीय जांच इसलिए भी जरूरी है ताकि कानपुर नरसंहार में शहीद हुए आठ पुलिसकर्मियों के परिवार को सही इन्साफ मिल सके। साथ ही, पुलिस, अपराधी और राजनीतिक गठजोड़ की भी सही शिनाख्त करके उन्हें भी सख्त सजा दिलाई जा सके।

कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी एवं कुख्यात अपराधी विकास दुबे के एनकाउंटर पर सम्पूर्ण विपक्ष सवाल खड़े कर रहा है। इस बीच बीएसपी प्रमुख मायावती ने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मायावती ने ट्वीट कर कहा, ”कानपुर पुलिस हत्याकाण्ड के मुख्य आरोपी दुर्दान्त विकास दुबे को मध्यप्रदेश से कानपुर लाते समय आज पुलिस की गाड़ी के पलटने और उसके भागने पर यूपी पुलिस द्वारा उसे मार गिराए जाने आदि के समस्त मामलों की माननीय सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।”


उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा, ”यह उच्च-स्तरीय जांच इसलिए भी जरूरी है ताकि कानपुर नरसंहार में शहीद हुए आठ पुलिसकर्मियों के परिवार को सही इन्साफ मिल सके। साथ ही, पुलिस, अपराधी और राजनीतिक गठजोड़ की भी सही शिनाख्त करके उन्हें भी सख्त सजा दिलाई जा सके। ऐसे कदमों से ही उत्तर प्रदेश अपराध-मुक्त हो सकता है।”

कुख्यात अपराधी और कानपुर के बिकरू में पुलिस मुठभेड़ का आरोपी तथा पांच लाख रूपये का इनामी अपराधी विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में पुलिस मुठभेड़ मे मारा गया। गाड़ी पलटने से एक निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मी भी घायल हुये है, जिसमें एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर है।

Desk Team