महू/भोपाल : देश में चल रहे लोकसभा चुनाव के बीच भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि बसपा दलितों की शुभचिंतक नहीं है।
चंद्रशेखर ने हाल ही में ऐलान किया था कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ उत्तरप्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
देश के संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ.भीमराव आम्बेडकर की 128वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली महू में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने आये चंद्रशेखर ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘बाबा साहेब ने कुछ बड़े-बड़े सपने देखे थे, जो अब तक पूरे नहीं हुए हैं। इसलिए मैं यहां पर आया हूं और मैं उनके इन सपनों को पूरा करूंगा।’’
PM मोदी 16 अप्रैल को भुवनेश्वर में करेंगे रोड शो
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘मायावती की पार्टी दलितों के हितों की रक्षा नहीं करती है। असलियत में समूचे देश में दलितों की शुभचिंतक मेरी पार्टी (भीम आर्मी) है, न कि बसपा।’’
इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज आम्बेडकर जयंती के अवसर पर महू उनकी जन्मस्थली पहुँचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया।
वहीं, आंबेडकर की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित अंबेडकर प्रतिमा के सामने मानवंदना का कार्यक्रम आयोजित किया। संघ के स्वयंसेवकों ने इस अवसर पर घोष (बैंड) का वादन कर बाबा साहेब के प्रति सम्मान प्रकट किया। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं संघ के भोपाल विभाग के सह संघचालक डॉ राजेश सेठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।


Download Android App
Download iOS App



