मेरठ के सरूरपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्लॉट को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हमले के दौरान बीच-बचाव करने आया बेटा भी घायल हो गया, जबकि आरोपी ने बाद में खुद पर भी चाकू से हमला कर जान देने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, सरूरपुर निवासी प्रदीप और उनकी 45 वर्षीय पत्नी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान के बीच एक प्लॉट की रजिस्ट्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोनों चाहते थे कि जमीन उनके नाम पर हो। इसी बात को लेकर गुरुवार से घर में लगातार कहासुनी हो रही थी। शुक्रवार सुबह यह विवाद फिर शुरू हुआ और देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि प्रदीप ने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण निशा की मौके पर ही मौत हो गई।
मां को बचाने आया बेटा भी हुआ घायल

घटना के समय परिवार के बच्चे भी घर में मौजूद थे। जब उन्होंने अपनी मां पर हमला होते देखा तो शोर मचाने लगे। इस दौरान उनका बेटा मां को बचाने के लिए आगे आया, लेकिन वह भी चाकू के हमले में घायल हो गया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत घर पहुंचे। तब तक निशा की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
पत्नी की हत्या करने के बाद प्रदीप ने खुद पर भी चाकू से कई वार किए। जब पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो वह घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने निशा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पर थीं काफी फेमस

मृतक निशा चौहान सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थीं। वह इंस्टाग्राम पर नियमित रूप से रील बनाती थीं और उनके हजारों फॉलोअर्स थे। इसके अलावा वह हर्रा कस्बे में अपना ब्यूटी पार्लर भी चलाती थीं। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके पुराने वीडियो तेजी से शेयर किए जा रहे हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या की मुख्य वजह प्रॉपर्टी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी का इलाज पूरा होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Etah Road Accident: एटा में खराब खड़ी रोडवेज बस से टकराए कैंटर और CNG टैंकर, 5 की मौत, 12 घायल


Download Android App
Download iOS App




