Meerut Nurse Neha Murder: उत्तर प्रदेश मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में स्थित एमसीसी अस्पताल में 25 साल की नर्स नेहा के संदिग्ध मौत के बाद अब पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती तौर पर यह मामला आत्महत्या का बताया गया, लेकिन जांच में पता चला कि यह मामला पूरी तरह से प्लानिंग के साथ किया गया मर्डर था। दरअसल, नर्स नेहा की ने कोई आत्महत्या की ही नहीं थी, बल्कि उसके प्रेमी सुरेश ने अपने एक साथ फरहान के साथ मिलकर उसको मौत के मुंह में धकेला था। दोनों ने मिलकर नेहा की ड्रिप में जहरीला केमिकल मिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में बचाव के लिए दोनों ने पूरे मामले को सुसाइड दिखाने की कोशिश की।
शादी के दबाव के चलते की हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि नेहा और सुरेश पिछले 7-8 महीनों से प्रेम संबंध में थे। सुरेश पहले से शादीशुदा था, हालांकि, प्रेम संबंध के चलते नेहा ने उस पर शादी का दबाव डाल रही थी। इसी दबाव से पीछा छुड़ाने के लिए सुरेश ने साथ के एक साथ मिलकर यह खौफनाक साजिश रची और हत्या के मामले को अंजाम दिया।
ड्रिप में मिलाया जहरीला पदार्थ
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन नेहा को कमजोरी की शिकायत थी। सुरेश ने इसी मौके का फायदा उठाया। इलाज के बहाने से सुरेश नेहा को ऑपरेशन थिएटर में ले गया, जहां उसने नेहा को ग्लूकोज की ड्रिप लगाई। इसी के साथ उसने अपने साथ के सहयोग से चुपके से उस ड्रिप में जहरीला केमिकल भी मिला दिया। शरीर में जहर फैलते ही नेहा की मौत हो गई। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने फर्जी सुसाइड नोट लिखा और शव के पास रख दिया। साथ ही, किसी को कोई शक न हो इसलिए वहां सल्फर की गोलियां भी रख दी, ताकि पुलिस और परिजनों को लगे कि नेहा ने खुदकुशी की है।
हैंडराइटिंग से हुआ बड़ा खुलासा
नेहा के परिजनों को संदेह था कि वह खुदकुशी नहीं कर सकती। ऐसे में उन्होंने सुसाइड नोट पर लिखी हुई हैंडराइटिंग पर सवाल उठाए। परिजनों के शक को देखते हुए जब पुलिस ने नेहा की असली हैंडराइटिंग से सुसाइड नोट को मिलाया, तो सच सामने आ गया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स को जांचा। सीसीटीवी फुटेज में नेहा, सुरेश और फरहान तीनों एक साथ ऑपरेशन थिएटर में जाते हुए दिखे, फिर कुछ देर बाद सर्जिकल ग्लव्स पहने हुए सुरेश अकेला वहां से बाहर निकलता हुआ नजर आया। फुटेज देखने के बाद पुलिस को सुरेश पर शक हुआ। पुलिस ने सुरेश से सख्ती के साथ पूछताछ की, जिसके बाद सुरेश ने पूरी बात बताई। फिलहाल, पुलिस ने सुरेश और साथी फरहान को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया है।
घटनास्थल से मिले ये समान
पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट, सिरिंज, केमिकल का रैपर, नोटपैड, कैनूला और नेहा का मोबाइल फोन बरामद किया है। सभी चीजों को फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए भेजा गया है। जांच में पता चला कि लगभग एक साल पहले नेहा के पति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने अपने परिवार और बच्चे का खर्चा-पानी उठाने के लिए अस्पताल में नर्स की नौकरी शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसकी और सुरेश की नजदीकियां बढ़ीं और बात इतनी आगे पढ़ गई कि यह प्रेम संबंध नेहा की हत्या का कारण बन गया।


Download Android App
Download iOS App




