Woman Accuses Father-in-Law of Rape: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 23 साल की महिला सैयदा ने अपने 67 वर्षीय ससुर जाकी पर नाखून काटने वाले ब्लेड से हमला कर उसके प्राइवेट पार्ट को ही काट दिया। हमले में ससुर गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला का आरोप है कि उसका ससुर पिछले करीब दो साल से उसके साथ जबरन यौन उत्पीड़न करता था और लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान करता था। घटना शुक्रवार, 17 जुलाई को बुढाना क्षेत्र के चंदेरी रोड स्थित सफीपुर पट्टी में हुई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जाकी को पहले बुढाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
घटना के बाद पुलिस ने महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उससे पूरे मामले की जानकारी ली और उसके बयान दर्ज किए। शुरुआती पूछताछ में महिला ने जो बातें बताईं, उससे मामला काफी गंभीर होता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति हरियाणा में रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाते है। काम की वजह से वह ज्यादात्तर समय घर से बाहर रहते है। घर में वह अपने दो छोटे बेटों और ससुर के साथ रहती थी। महिला का कहना है कि पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसका ससुर लंबे समय से उसके साथ गलत हरकतें करता था।
कई लोगों को बताई थी अपनी परेशानी
महिला ने बताया कि उसने कई बार अपने साथ हो रहे गलत बर्ताव की जानकारी पड़ोस के लोगों को दी थी। उसने उम्मीद की थी कि कोई उसकी मदद करेगा, लेकिन उसकी बात को किसी ने सीरियस नहीं लिया। इसी वजह से वह लगातार मानसिक तनाव में रहती थी।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला कई बार अपनी परेशानी उनके सामने जाहिर करती थी। पड़ोस में रहने वाली एक महिला नजरा ने बताया कि यह परिवार ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था, इसलिए घर के अंदर क्या चल रहा था, इसकी सही जानकारी किसी को नहीं थी। लेकिन, सैयदा कई बार अपनी परेशानी और डर के बारे में बात करती थी।
मामले पर क्या बोली पुलिस ?
इस बीच पूरे मामले पर बुढाना सर्कल ऑफिसर गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) को सूचना मिली थी कि एक महिला ने अपने ससुर पर धारदार चीज से हमला किया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके साथ ही उसने महिला का बयान भी दर्ज किया। वहीं उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। जैसे ही शिकायत मिलेगी, मौजूद सबूतों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की सच्चाई सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना के पीछे क्या वजह थी।



Download Android App
Download iOS App




