सांप से कटवाया, नींद की गोलियां खिलाई, वैन ड्राइवर के प्यार में पत्नी ने की पति की हत्या; 8 साल पहले हुई थी लव मैरिज

Summary :

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में अतुल पवार की मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि अतुल की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच रखी थी। पहली दो साजिश नाकाम रही, तीसरी बार उसने पति को जहरीले सांप से डसवाकर मार डाला। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और 2 सपेरों को गिरफ्तार किया है। आइए विस्तार से जानते हैं कि कातिल पत्नी ने कैसे रची साजिश.. खाने में दवा मिलाकर दी पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम भंडोरा निवासी 35 वर्षीय अतुल पंवार और…

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में अतुल पवार की मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि अतुल की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच रखी थी। पहली दो साजिश नाकाम रही, तीसरी बार उसने पति को जहरीले सांप से डसवाकर मार डाला। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और 2 सपेरों को गिरफ्तार किया है। आइए विस्तार से जानते हैं कि कातिल पत्नी ने कैसे रची साजिश..

खाने में दवा मिलाकर दी

पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम भंडोरा निवासी 35 वर्षीय अतुल पंवार और उनकी पत्नी दामिनी हस्तिनापुर के रामलीला मैदान स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाते थे। दोनों ने 2019 में लव मैरिज की थी। दामिनी का स्कूल की वैन चलाने वाले ड्राइवर तुषार से प्रेम संबंध था। इसलिए दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। करीब चार महीने पहले उसने तुषार ने दामिनी को एक दवा दी, जो उसने अपने पति को खाने में मिलाकर दी। इस दवा को खाने के बाद उसकी तबियत बिगड़ी, तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस वजह से उसकी जान बच गई।

20 दिन पहले भी जान लेने की हुई थी कोशिश

जब पहली कोशिश नाकाम रही, तो उन्होंने एक और कोशिश की। दामिनी ने एक ज्योतिषी का हवाला देकर अपने पति को गांव छोड़कर हस्तिनापुर में रहने के लिए मनाया। करीब 20 दिन पहले तुषार ने कार से अतुल की बाइक को टक्कर मारकर हत्या की कोशिश की। लेकिन उसने हेलमेट पहना हुआ था, जिस वजह से वह बच गया।

दूध में नींद की गोलियां मिलकर सांप से डसवाया

जांच के अनुसार, तुषार ने अपने सपेरे दोस्तों (सोनू और उदय) को 5 लाख रूपये का लालच देकर एक जहरीला करैत सांप मंगवाया और उसे कांच की बोतल में बंद कर दिया। वारदात की रात तुषार ने वह सांप और नींद की गोलियां दामिनी को दे दीं। दामिनी ने अतुल को दूध में 10-12 नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। जब अतुल गहरी नींद में सो गया, तो दामिनी ने सांप को उसके बिस्तर पर छोड़ दिया। सांप के डसने के बाद दामिनी शक से बचने के लिए कमरे से बाहर चली गई। सुबह होने पर दामिनी ने इसे हादसा बताते हुए पूरा ड्रामा रचा।

व्हाट्सएप में मिली सपेरे के साथ सांप की फोटो

पुलिस को सूचना देने से पहले ही अतुल को अस्पताल ले जा चुके थे। परिवार वालों ने शुरुआत से ही दामिनी पर हत्या का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने जब दामिनी का, तो उसमें तुषार के साथ कॉल मिली। जब सख्ती से दामिनी से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात कबूल ली। इसके बाद पुलिस ने तुषार को भी पकड़ा , जब उसके फ़ोन में व्हाट्सएप चेक किया गया, तो उसमें सपेरे के साथ सांप की फोटो मिली।

20 लाख रुपये का बीमा हड़पने की मंशा

जांच में ये भी सामने आया है कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था। दामिनी और अतुल दोनों की मंशा हत्या के बाद बीमा हड़पने की थी। दोनों ने सांप से डसवाकर अतुल की हत्या की, लेकिन इसके बाद उन्होंने इसे हादसे के रूप में दिखाने की योजना बनाई। फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी दामिनी और उसके प्रेमी तुषार समेत 4 को गिरफ्तार किया है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है, ताकि उसकी मौत का असल कारण सामने आ सकें।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।