नाबालिग पर अधेड़ से शादी करने का दबाव, पिता के खिलाफ जाकर छात्रा ने पुलिस से मांगी मदद

Summary :

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक नाबालिग लड़की ने 40 वर्षीय एक अधेड़ के साथ अपनी शादी रुकवाने के लिए आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार से मदद मांगी है। 15 वर्षीय किशोरी ने अपने पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक नाबालिग लड़की ने 40 वर्षीय एक अधेड़ के साथ अपनी शादी रुकवाने के लिए आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बबलू कुमार से मदद मांगी है। 15 वर्षीय किशोरी ने अपने पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है जो उस पर अधेड़ से शादी करने का दबाव बना रहा है।
किशोरी आगरा में बाह क्षेत्र की कक्षा 7 की छात्रा है। उसने एक रिकॉर्डेड वीडियो बनाया और उसमे कहा कि  मेरे पिता ने मेरी शादी 40 वर्षीय शख्स के साथ तय की है, लेकिन मैं शादी नहीं करना चाहती। मैं पढ़ाई करते रहना चाहती हूं। उसने आगे आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसके पिता और पिता के साथियों ने शादी पर आपत्ति जताने पर उसे, उसकी मां और उसके भाई के साथ मारपीट की थी। अगर मुझे न्याय नहीं मिला, तो मैं आत्महत्या कर लूंगी। 
किशोरी के भाई ने संवाददाताओं को बताया, मेरे पिता उसे मजबूर कर रहे हैं। जब हम विरोध करते हैं, तो वह हमें मारने की धमकी देता है। मैं बस चाहता हूं कि मेरी बहन अपनी पढ़ाई पूरी करे। उनकी मां ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति बेटी को ऐसे व्यक्ति को बेचना चाहता है जो उससे उम्र में दोगुना से भी ज्यादा बड़ा है। उन्होंने कहा, मेरे बच्चे और मैं अपना घर छोड़ कर अपने पिता के यहां आ गए हैं क्योंकि मेरे पति हमारे जीवन के लिए खतरा हैं।
आगरा के एसपी (पूर्व) के. वेंकट अशोक ने कहा कि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच के लिए एक पुलिस टीम को उनके घर भेजा। उन्होंने कहा कि जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लड़की की शिकायत के आधार पर, उसके पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार लड़की का पिता लॉकडाउन से पहले नोएडा में मजदूर के रूप में काम करता था लेकिन वह अब गांव में रहता है और वहां काम करता है।

Desk Team