बीएमसी ने टीवी की मशहूर अभिनेत्री गौहर खान के खिलाफ बीते दिनों कोविड-19 नियमों के उल्लंघन का केस दर्ज करवाया था। इसके बाद से फिल्म कामगारों ने गौहर खान को तकरीबन दो महीने के लिए बहिष्कार कर दिया। ऐसे में अपने खिलाफ हुई इस कार्यवाही के बाद गौहर खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए सब्र और सच के बारे में लिखा है।

गौहर ने क्या लिखा अपनी इंस्टा स्टोरी पर
गौहर खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा,सब्र और शुक्र। सच हमेशा ही जीतेगा। इसके अलावा अभिनेत्री का स्टेटमेंट जारी कर मामले में रिएक्ट किया है। इसमें कहा गया है,गौहर खान के लिए शुभकामनाएं भेजने वाले हर एक व्यक्ति का धन्यवाद। यहां पर उनकी ताजा रिपोर्ट है। वो सभी तरह की जांच में नेगेटिव पाई गई हैं। वो कानून का पालन करने वाली नागरिक हैं और बीएमसी के सभी कायदों के साथ उनका सहयोग कर रही हैं। इसलिए आप सभी से आग्रह है कि इन अटकलों पर विराम लगाया जाए।

इस दौरान आगे लिखा गया गौहर खान बीएमसी की सभी प्रक्रिया में पूरा योगदान दे रही है। सभी से अनुरोध है कि अफवाहें न फैलाएं और गौहर की भावनात्मक स्थिति को समझें,क्योंकि उन्होंने हाल ही में दस दिन पहले अपने पापा को खोया है। यह वक्त गौहर के लिए बड़ा मुश्किल भरा है,उनके दुख के समय उन्हें संभलने दें।

मालूम हो गौहर खान पर आरोप लगाया गया है कि वो कोरोना गाइडलाइंस को नजर अंदाज करते हुए शूटिंग करने के लिए गई थीं। इतना ही नहीं यह खबरें यह भी थी कि वो कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। ऐसे में जब बीएमसी जांच के लिए उनके घर पहुंची तो उन्हें कोविड-19 मुक्त पाया गया था।

एफडब्लूआईसीई के बहिष्कार का मतलब यह है कि गौहर खान जिस किसी भी फिल्म या सीरियल में बीएमसी की सीमा के अंदर काम करेंगी,उस पर फेडरेशन से संबद्घ किसी भी यूनियन का कर्मचारी काम नहीं करेगा। इतना ही नहीं फेडरेशन ने उन्हें ये चेतावनी भी दी है कि यदि कोई निर्माता इस बारे में गौहर खान की सहायता करेगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



