लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छह जुलाई से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी से सदस्यता अभियान की शुरूआत करेंगे। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के सदस्यता प्रमुख जेपीएस राठौर ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री, पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की उपस्थिति में पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारम्भ वाराणसी से करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय चंदौली में, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कानपुर नगर व दिनेश शर्मा आगरा में पार्टी की सदस्यता अभियान का शुभारम्भ करेंगे। राठौर ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में छह जुलाई से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, मंत्रिमण्डल के सदस्य व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के मौजूदा एक करोड़ 80 लाख सदस्य हैं। कल (शनिवार) से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान में पार्टी ने अपनी सदस्य संख्या में कम से कम 20 प्रतिशत की बढोत्तरी का लक्ष्य रखा है, लेकिन हम प्रदेश में अपने लक्ष्य से कहीं अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने का काम करेंगे। राठौर ने बताया छह जुलाई से शुरू हो रहा सदस्यता अभियान 11 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान में पार्टी हर बूथ तक पहुंचेगी। पहले दौर में बूथों पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



