रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज यहां कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता को निर्बाध रूप से बिजली उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री दास ने आज झारखंड मंत्रालय में ऊर्जा विभाग के कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए यह बात कही। दास ने अधिकारियों से कहा कि घर घर बिजली पहुंची है और जो कुछ घर छूटे हैं वहां भी सितंबर तक बिजली पहुंचा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे राज्य में विद्युत उत्पादन, ट्रांसमिशन लाइन एवं सबस्टेशन का काम चल रहा है ताकि आने वाले समय में झारखंड की जनता को निर्बाध रूप से बिजली मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के प्रति सब जवाबदेह है इसे महसूस कर अपने कार्य में जुनून पैदा करें।
दास ने धनबाद के विद्युत वितरण प्रभाग के अधीक्षण अभियंता के 3 सप्ताह से बिना सूचना गायब पाए जाने पर प्रबंध निदेशक को उन्हें तुरंत निलंबित करने और धनबाद के महाप्रबंधक को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रांची के लिए 31 जुलाई के बाद कोई मोहलत नहीं दी जाएगी। इसी तरह मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर जिले की समस्या चाहे वह ट्रांसमिशन की हो या अन्य कोई मसला हो उसे दूर करें और अगले 3 महीने में यह समस्या पूर्णतः दूर होनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



