आज हंगामेदार हो सकता है यूपी विधानसभा का मानसून सत्र, सरकार को घेरने की विपक्ष ने बनाई रणनीति

Summary :

राजधानी लखनऊ में आज से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। इस दौरान सपा के विधायक मणिपुर घटना पर निंदा प्रस्ताव लाने की पुरजोर मांग करेंगे, जिससे हंगामा होना तय माना जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय पर अपने विधायकों की बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान की रणनीति तय की और उन्होंने अपने विधायकों के साथ मिलकर मणिपुर की घटना पर निंदा प्रस्ताव लाने की मांग दोनों सदनों में करने की योजना बनाई है।

दोनों सदनों में मणिपुर हिंसा की घटना को मुख्य रूप से उठाया जाएगा
इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के विधायक सरकार को टमाटर के लगातार बढ़ते दाम, महंगाई, महिलाओं के साथ हो रहे दुर्व्यवहार, बेरोजगारी की समस्या समेत तमाम ऐसे मुद्दे पर घेरने की कोशिश कर सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक में तय हुआ है कि आज दोनों सदनों में मणिपुर हिंसा की घटना को मुख्य रूप से उठाया जाएगा, इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को इस घटना से जोड़ते हुए सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश की जाएगी। सूत्रों की मानें तो पार्टी के विधायक सदन में मणिपुर की घटना पर निंदा प्रस्ताव पास करने और इसे केंद्र को भेजने का दबाव बनाएंगे जिससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव तय माना जा रहा है। 
सरकार को घेरने की रणनीति बना चुकी है रालोद 
राष्ट्रीय लोक दल भी आज सरकार को घेरने की रणनीति बना चुकी है। रालोद विधायकों की मानें तो वह भी सरकार को मणिपुर घटना पर घेरने की तैयारी कर रहे हैं। रालोद के विधायक आज सरकार को मणिपुर के साथ साथ महंगाई, बेरोजगारी समेत गन्ना किसानों के मुद्दों पर सदन में घेरते हुए दिखेंगे। वहीं कांग्रेस के विधायकों की बात करें तो आराधना मिश्रा “मोना” ने भी महंगाई और किसानों के मुद्दों को सर्वोपरि मानते हुए इस मुद्दे को सदन में उठाने की बात कही है, साथ ही बिजली से जुड़ी समस्याएं भी कांग्रेस पार्टी उठाती हुई सदन में दिखाई देगी। 
 
Desk Team