श्रीकृष्ण जन्मोत्सव काफी धूमधाम से देशभर में मनाया जाता है। बता दें धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस बार भाद्रपद महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। ऐसे में सात सितंबर को कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाए जाने की तैयारी जोरों-शोरों पर चल रही है। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं।
मंदिर प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर दी
आपको बता दें कि जन्माष्टमी को लेकर जहां जिला प्रशासन से लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है और सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर दी है।
इसके साथ ही मंदिर प्रशासन ने भारी भीड़ के दौरान चोरी जैसी घटना पर रोक लगाने के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि श्रद्धालु जेबकतरों और चेनस्नेचर और मोबाइल चोरों से सावधान रहे और अपने साथ किसी प्रकार का बैग या कीमती सामान ना लाएं। इसके साथ ही मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मंदिर में निर्धारित प्रवेश और निकास मार्ग का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।
श्रद्धालु मंदिर में जूता, चप्पल पहनकर ना आएं-प्रशासन
इस दौरान मंदिर प्रशासन ने ये भी कहा श्रद्धालु मंदिर में जूता, चप्पल पहनकर ना आएं।अपने जूते और चप्पल को निर्धारित स्थल पर ही उतार कर आएं। मंदिर प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार श्रद्धालु प्रमुख त्योहारों पर वृंदावन में ट्रैफिक जाम और भीड़ के अत्यधिक दबाव की स्थिति का आकलन करने के पश्चात ही वृंदावन पधारे। ज्यादा भीड़ में किसी के गुम होने पर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा गया है कि श्रद्धालु अपने परिजनों की जेब में पता और फोन नंबर की पर्ची अवश्य रखें, ताकि परिजनों से बिछड़ने पर आपको सूचित किया जा सके। मंदिर की तरफ से खोया-पाया केंद्र बांके बिहारी जी पुलिस चौकी पर बनाया गया है, जरूरत के अनुसार इसकी मदद ले।


Download Android App
Download iOS App



