Noida: फिल्म सिटी निर्माण की उलटी गिनती शुरू, जल्द रखी जाएगी आधारशिला

Summary :

भूमि को समतल करने और तारबंदी का काम युद्धस्तर पर शुरू

नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। पहले चरण में 230 एकड़ भूमि पर स्टूडियो और अन्य संरचनाओं का विकास किया जाएगा। जल्द ही आधारशिला रखी जाएगी, जिससे फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर- 21 में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के पहले चरण का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। निर्माणस्थल पर 10 से अधिक जेसीबी मशीनों और 20 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से भूमि को समतल करने और तारबंदी का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों में फिल्म सिटी की आधारशिला रखी जाएगी, जिसकी तैयारी को लेकर तेजी से काम किया जा रहा है। फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के कंसोर्शियम बेब्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस परियोजना का विकास किया जा रहा है। पहले चरण में 230 एकड़ भूमि पर स्टूडियो और अन्य बुनियादी संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। अनुमान है कि एक सप्ताह के भीतर फिल्म सिटी की आधारशिला रख दी जाएगी। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

फिल्म सिटी निर्माण

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि यह परियोजना विश्वस्तरीय फिल्म सिटी के रूप में विकसित की जाएगी। पहले चरण में 155 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां और 75 एकड़ में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। फिल्म सिटी को चार अलग-अलग जोनों में विभाजित किया जाएगा। इसमें ग्रीन बेल्ट, आंतरिक सड़कें और इमारतें भी शामिल होंगी।

नोएडा में फर्जी पत्रकार गिरफ्तार, नौकरी के नाम पर ठगी का खुलासा

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है और फिल्म सिटी इसका प्रमुख हिस्सा बनने जा रही है। इस परियोजना से न केवल फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। स्थानीय निवासियों और कारोबारियों में इस परियोजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.