यमुना नदी में नाव पलटने से एक की मौत कई लापता

Summary :

हरियाणा से मजदूरी कर लौट रहे लोगों से भरी नाव गुरुवार यहां यमुना नदी में पलट गई। इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई। नाव में 13 लोगों के सवार होने की सूचना है।

बागपत/लखनऊ, (उप्र) : हरियाणा से मजदूरी कर लौट रहे लोगों से भरी नाव गुरुवार यहां यमुना नदी में पलट गई। इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई। नाव में 13 लोगों के सवार होने की सूचना है। 
पुलिस के अनुसार गोताखोंरों द्वारा डूबे लोंगो की तलाश की जा रही है। अभी तक दो महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया है। 
मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेन्द्र यादव ने भाषा को फोन पर बताया कि शाम करीब पांच बजे हुए इस हादसे में एक युवती की मौत की जानकारी मिली है। 
उन्होंने बताया कि नाव में 13 लोगों के सवार होने की सूचना है, जिनमें से तीन महिलाओं को ग्रामीणों और गोताखोरों ने बाहर निकाला। हालांकि, एक महिला की मौत हो चुकी थी। 
इस बीच बागपत की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में जुटने, हर संभव प्रयास करने और गोताखोरों को बुलाकर लापता लोगों की तलाश करने के निर्देश दिये। 
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि आसपास के जनपदों से भी राहतकर्मियों को पहुंचने को कहा गया है। 
उधर पुलिस अधीक्षक के अनुसार नाव में सवार सभी लोग मजदूर हैं और रोजाना नाव के जरिये बागपत से हरियाणा मजदूरी करने जाते थे। आज भी वह हरियाणा से मजदूरी कर लौट रहे थे तभी नाव अचानक यमुना नदी में पलट गई। 
एसपी के अनुसार पुलिस प्रशासन व गोताखोर डूबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। गोताखोरों ने नाव ढूंढ ली है, लेकिन डूबे हुए लोगों का पता अभी नहीं चल सका है। एसपी ने बताया कि पानी का बहाव तेज होने के कारण लोगो की तलाश करने परेशानी हो रही है।

Shera Rajput