Video :आगरा के क्वारंटीन सेंटर के बाहर बिस्कुट और पानी फेंके जाने के मामले की जांच के आदेश

Summary :

हाल ही में आगरा के एक क्वारंटीन सेंटर का वीडियो वायरल हुआ है जिसने हंगामा मचा दिया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी सवाल खड़े हो गए है।

पूरे भारत में कोरोना वायरस से निपटने के लिए राज्य सरकारें अपने – अपने स्तर पर कदम उठा रही है। कई राज्यों से प्रशासन द्वारा कोरोना मरीजों के लिए बनाये क्वारंटीन सेंटरों में मरीजों के दुर्व्यवहार की ख़बरें आ रही है, वहीं हाल ही में आगरा के एक क्वारंटीन सेंटर का वीडियो वायरल हुआ है जिसने हंगामा मचा दिया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी सवाल खड़े हो गए है। 
आगरा में एक पृथक-वास केंद्र में बंद गेट से हाथ निकालकर लोगों द्वारा बिस्कुट और पानी इकट्ठा किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने सोमवार को बताया कि मुख्य विकास अधिकारी से इस मामले की जांच करने और जवाबदेही तय करने को कहा गया है। ‘‘मैंने मौके का जायजा लिया है और वहां अब सारी चीजें ठीक हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्य विकास अधिकारी से कहा गया है कि वह इस मामले की जांच करें और जवाबदेही तय करके मुझे बताएं। उनसे कहा गया है कि वह यह देखें कि किसने गड़बड़ी की। टीम से कहा गया है कि वह सही तरीके से काम करे ताकि भविष्य में इस तरह की शिकायतें ना मिलें।’’ 
गौरतलब है कि रविवार को वायरल हुए एक वीडियो में एक व्यक्ति एक पृथक वास केंद्र के जालीदार गेट के पास बिस्कुट के पैकेट और पानी की बोतलें फेंक रहा है, जिसे गेट के दूसरी तरफ बैठे लोग लपक कर इकट्ठा कर रहे हैं। इस वीडियो में सामाजिक दूरी का पालन कहीं भी नजर नहीं आ रहा है और लोग बिस्कुट के पैकेट और पानी की बोतलें हासिल करने की होड़ में लगे दिख रहे हैं। 
वीडियो में एक महिला की आवाज भी आ रही है जो यह कह रही है, “पृथक-वास में रखे गए लोगों के साथ यह क्या हो रहा है? हमसे कहा गया था कि हमारी चिकित्सकीय जांच की जाएगी, लेकिन ऐसा अभी तक नहीं हुआ है। केंद्र में खाने और पानी का उचित इंतजाम नहीं है। हर किसी की अनदेखी की जा रही है।”

Ujjwal Jain