समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग समाज को बांटकर राज करना चाहते हैं। अखिलेश ने गठबंधन प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव के समर्थन में आयोजित एक रैली में कहा, ”भाजपा के लोग नफरत की खाई पैदा कर रहे हैं। जिस तरह अंग्रेजों ने हमें आपको बांटा था और राज किया था, उसी तरह भाजपा के लोग समाज को बांटकर राज करना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा, ”ये चुनाव नफरत की दीवार को गिराने का चुनाव है, आपस में भाईचारा बढ़ाने का चुनाव है।” गठबंधन की इस रैली में अखिलेश के साथ बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी मंच साझा किया। अखिलेश ने कहा, ”ये चुनाव ऐतिहासिक है। ये केवल लोकसभा जीतने का चुनाव नहीं है। देश को नयी दिशा में ले जाने वाला चुनाव है। परिवर्तन लाने का चुनाव है। जो गरीबों का अपमान हुआ है, उन्हें सम्मान दिलाने का ये चुनाव है।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ”कभी चाय वाला बनकर आये थे हमारे बीच में और अब कह रहे हैं कि हम चौकीदार बनकर आ रहे हैं। इस बार चौकीदार की चौकी छीनने का काम करना है।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आड़े हाथ लेते हुए अखिलेश ने कहा, ”हमारे बाबा मुख्यमंत्री के बारे में (बसपा सुप्रीमो) मायावती जी ने बता दिया कि उन्होंने भगवानों की भी जात बता दी।”
गांव के चौकीदारों की भाजपा सरकार को कोई चिंता नहीं : अखिलेश
उन्होंने कहा, ”भाजपा का हर नेता हमारे-आपके भगवान हनुमान जी की जाति बता रहा था । इस बार इनसे भगवान नाराज हैं। ये बच नहीं पाएंगे, भगवान हनुमान अपनी गदा लेकर खड़े हैं ।” अखिलेश ने कहा कि हमें अपने काम का प्रमाणपत्र नहीं देना है। साथ ही दावा किया कि जब कभी सपा-बसपा की सरकार आयी होगी, यहां पर काम हुआ होगा। ”सडकें बनीं, पुल बने और बिजली का इंतजाम हुआ लेकिन भाजपा सरकार ने सब सुविधाएं रोक दीं ।”
उन्होंने दावा किया, ”पेंशन रूक गई, इसलिए पेंशन रोक दी क्योंकि सपा-बसपा की सरकारें गरीबों को पेंशन देती थीं (भाजपा सरकार ने) धोखा देने का काम किया है।” अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग कहते हैं कि उनकी सरकार है इसलिए हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। हम उनसे कहना चाहते हैं कि जब तक हमारी फौज के जांबाज जवान हैं, तब तक हमारी सीमाएं और भारत सुरक्षित है। सरकारें तो आती जाती रहती हैं लेकिन सीमा पर तैनात जवान ही देश की रक्षा करता है।
उन्होंने रैली में आये लोगों से कहा, ”लोग अफवाहें फैलाएंगे, झूठ बोलेंगे, साजिश करेंगे और प्रशासन का दबाव बनाएंगे लेकिन हमें आप पर भरोसा है कि जब मतदान होगा तो आप अपने वोट की रखवाली करेंगे और सपा-बसपा प्रत्याशियों को जिताने का काम करेंगे।” अखिलेश ने कहा कि देश कई क्षेत्रों में पीछे है। आज दुनिया में भूखे लोगों की बात करें तो भारत में संख्या ज्यादा है। बीमारियां बढ़ी हैं । देश शिक्षा क्षेत्र में पीछे है । इन सभी सवालों का जवाब गठबंधन ही निकालेगा।


Download Android App
Download iOS App




