नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी में रोड शो करेंगे। वह दोपहर बाद शहर पहुंचेंगे और लंका स्थित मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वह दशाश्वमेध घाट तक रोड शो करेंगे और गंगा आरती में शामिल होंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शलभमणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री का रोड शो आज शाम 4 बजे से पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा स्थल से शुरू होगा, जो लंका, अस्सी, सोनारपुरा, मदनपुरा, गोदौलिया से गुजरते हुए दशाश्वमेध घाट पर जाकर खत्म होगा। इसके बाद मोदी यहां शाम 7 बजे होने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके सहयोगी दलों के कुछ साथी भी मौजूद रहेंगे। अगले दिन शुक्रवार को काल भैरव का आशीर्वाद लेकर वह नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। शलभमणि के अनुसार नामांकन के दौरान भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता और संसदीय दल के सदस्यों के साथ कई राज्यों के एनडीए के बड़े नेता, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नामांकन में एनडीए के लोगों में से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल नेता प्रकाश सिंह बादल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोकजनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान, एआईएडीएमके के नेता, असम गण परिषद के नेता, अपना दल के नेता और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के शामिल होने की संभावना है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच स्तरीय अभेद्य सुरक्षा घेरे में रहेंगे। उनकी सुरक्षा व्यवस्था में एसपीजी, एनएसजी व एटीएस कमांडो, केंद्रीय खुफिया इकाई के अलावा पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिल्रिटी फोर्स के 10 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



