चिन्मयानंद मामले में पीड़िता की गिरफ्तारी पर प्रियंका का योगी सरकार पर वार, कहा-वाह रे बीजेपी का न्याय

Summary :

चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली 23 वर्षीय छात्रा को उनसे पांच करोड़ रूपये की रंगदारी मांगने के आरोप में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयांनद के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली लड़की की रंगदारी के आरोप में गिरफ्तारी को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला और तंज कसते हुए कहा कि यह बीजेपी का न्याय है। 
प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘‘उन्नाव बलात्कार मामला: पीड़िता के पिता की हत्या। पीड़िता के चाचा गिरफ्तार। भारी जन दबाव के बाद घटना के 13 महीने बाद आरोपी विधायक गिरफ्तार। पीड़िता के परिवार को जान से मारने की कोशिश।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शाहजहाँपुर बलात्कार मामला: पीड़िता गिरफ्तार। पीड़िता के परिवार पर दबाव। आरोपी बीजेपी नेता को पुलिस ने जन दबाव पड़ने के बाद गिरफ़्तार किया। आरोपी बीजेपी नेता पर अब तक बलात्कार का आरोप तक नहीं लगाया। वाह रे बीजेपी का न्याय?’’ 

गौरतलब है कि चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली 23 वर्षीय छात्रा को उनसे पांच करोड़ रूपये की रंगदारी मांगने के आरोप में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है । 

Desk Team