मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा आज राजधानी भोपाल की मेट्रो का नाम राजा भोज के नाम पर‘भोज मेट्रो’ रखे जाने की घोषणा के चंद मिनटों बाद भोपाल के कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इसका विरोध करते हुए मंच से ही मेट्रो का नाम दोबारा भोपाल मेट्रो किए जाने का अनुरोध किया।
दरअसल कमलनाथ ने आज मेट्रो परियोजना का शिलान्यास करते हुए घोषणा की कि भोपाल राजा भोज की नगरी है और इसलिए यहां की मेट्रो का नाम ‘भोज मेट्रो’ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य शहरों जैसे दिल्ली, जयपुर, हैदराबाद और बेंगलुरू में भले ही मेट्रो का नाम उन शहरों के नाम पर हों, लेकिन भोपाल में मेट्रो‘भोज मेट्रो’ कहलाएगी।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री जयवर्धन सिंह, डॉ गोविंद सिंह, पी सी शर्मा और आरिफ अकील भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री कमलनाथ की इस घोषणा के फौरन बाद भोपाल नगर निगम के भारतीय जनता पार्टी के महापौर आलोक शर्मा ने उनकी इस घोषणा का मंच से जोरदार स्वागत किया।
इसी दौरान कांग्रेस विधायक मसूद ने कार्यक्रम के आभार प्रदर्शन के दौरान आग्रह किया कि भोपाल की मेट्रो का नाम नहीं बदला जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि मेट्रो को भोपाल ही रहने दें। राजा भोज के नाम पर यहां बहुत कुछ है और बहुत कुछ किया जा सकता है।
CM कमलनाथ ने किया भोपाल की ‘भोज मेट्रो’ परियोजना का शिलान्यास
इसके बाद उन्होंने मीडिया से भी चर्चा करते हुए कहा कि भोपाल के जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने मुख्यमंत्री से ये गुजारिश की है और ये उनका हक भी है। उन्होंने आगे कहा कि बाकी मुख्यमंत्री पर निर्भर है। वहीं पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने कहा कि जब मुख्यमंत्री ने मंच से किसी बात की घोषणा कर दी है तो इससे अधिक कुछ नहीं रह जाता।


Download Android App
Download iOS App



