प्रियंका का UP सरकार पर हमला, बोलीं-कांग्रेस के सिपाही पुलिस की लाठियों और फर्जी मुकदमों से नहीं डरने वाले

Summary :

प्रियंका गांधी ने कहा, कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बीजेपी सरकार यूपी पुलिस को दमन का औज़ार बनाकर दूसरी पार्टियों को आवाज उठाने से रोक सकती है, हमारी पार्टी को नहीं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के चेयरमैन शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी को लेकर प्रियंका गांधी ने मंगलवार को योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार यूपी पुलिस को दमन का औज़ार बनाकर दूसरी पार्टियों को आवाज उठाने से रोक सकती है, हमारी पार्टी को नहीं।
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बीजेपी सरकार यूपी पुलिस को दमन का औज़ार बनाकर दूसरी पार्टियों को आवाज उठाने से रोक सकती है, हमारी पार्टी को नहीं। देखिए किस तरह यूपी पुलिस ने हमारे अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष को रात के अंधेरे में उठाया। 


पहले फर्जी आरोपों को लेकर हमारे प्रदेश अध्यक्ष को चार हफ़्तों के लिए जेल में रखा। ये पुलिसिया कार्रवाई दमनकारी और आलोकतांत्रिक है। कांग्रेस के सिपाही पुलिस की लाठियों और फर्जी मुकदमों से नहीं डरने वाले। दरअसल, शाहनवाज आलम को सोमवार रात लखनऊ की हजरतगंज पुलिस ने उस समय उठा लिया जब वह कार से कहीं जा रहे थे। 

शाहनवाज को सीएए और एनआरसी के विरोध में पिछले साल लखनऊ में भड़की हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना समेत कई कांग्रेसी हजरतगंज कोतवाली पहुंच गए। 

Desk Team