CM योगी ने बस की परमिशन नहीं दी तो भड़की प्रियंका, कहा- श्रमिकों को मदद देने के लिए तैयार नहीं सरकार

Summary :

प्रियंका ने कहा कि ‘‘प्रवासी मजदूर भारी संख्या में घर जाने के लिए गाजियाबाद के रामलीला मैदान में जुटे हैं। सरकार से कोई व्यवस्था ढंग से नहीं हो पाती।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि श्रमिकों की मदद करने और उनके लिए किसी की सहायता लेने के लिए योगी सरकार तैयार नहीं है। उन्होंने गाजियाबाद में श्रमिकों की भीड़ से जुड़ा एक वीडियो ट्वीटर पर शेयर किया।  

प्रियंका ने ट्वीट कर कहा कि ‘‘प्रवासी मजदूर भारी संख्या में घर जाने के लिए गाजियाबाद के रामलीला मैदान में जुटे हैं।सरकार से कोई व्यवस्था ढंग से नहीं हो पाती। यदि एक महीने पहले इसी व्यवस्था को सुचारू रूप से किया जाता तो श्रमिकों को इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।’’ कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने दावा किया, ‘‘कल हमने 1000 बसों का सहयोग देने की बात की, बसों को यूपी बॉर्डर पर लाकर खड़ा किया तो सरकार को राजनीति सूझती रही और हमें अनुमति तक नहीं दी।’’

प्रियंका ने आरोप लगाया, ‘‘विपदा के मारे लोगों को कोई सहूलियत देने के लिए सरकार न तो तैयार है और कोई मदद दे तो उसे लेने से इंकार कर रही है।’’  बता दें कि लगभग 980 बसें भरतपुर, अलवर और राजस्थान के अन्य हिस्सों को वापस लौट गईं, क्योंकि उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें राज्य में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी। अब कांग्रेस नए सिरे से आवेदन करने को तैयार है और उसके नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने वाले हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को योगी सरकार से उन बसों को राज्य में प्रवेश करने की अनुमति देने का आग्रह किया था, जो सीमा पर पहुंच गई हैं और अब फंसी हुई हैं। उन्होंने उप्र के मुख्यमंत्री से एक वीडियो के जरिए अपील जारी की थी। लगभग 400 बसें बहाज गोवर्धन सीमा पर पहुंच गई थीं और कहा जा रहा है कि बसों में प्रवासी मजदूर हैं।प्रियंका गांधी ने राजस्थान के अलवर और भरतपुर से प्रवासियों को ले जाने के लिए 500 बसों की व्यवस्था की है, लेकिन कांग्रेस का कहना है कि इन्हें यूपी सरकार से राज्य में प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिली।

नोएडा स्थित OPPO कंपनी के 6 कर्मचारी में मिला कोरोना, अब 3000 कर्मियों का होगा टेस्ट

शनिवार को प्रियंका गांधी ने औरैया में हुई दुर्घटना के बाद प्रवासियों के लिए 1000 बसों को अनुमति देने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा था। इस हादसे में 24 लोगों की जान चली गई थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस ऐसे समय में इन चार्टर्ड बसों का खर्च वहन करेगी, जब प्रवासियों को सुरक्षित घर लौटने में मुश्किल हो रही है।
प्रियंका गांधी ने योगी आदित्यनाथ को पत्र में कहा, “देश के विभिन्न हिस्सों से चलते हुए लाखों श्रमिक अपने घरों को वापस जाने की कोशिश कर रहे हैं और उनके लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। हम गाजीपुर और नोएडा की सीमाओं से 500-500 बसों का संचालन करना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माता को ऐसे समय में अकेले जूझने के लिए नहीं छोड़ा जा सकता है।

Desk Team