उत्तर प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं हो सका। सदन की बैठक शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने अपने मुद्दे उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सपा सदस्य हाथ में तख्तियां लेकर अध्यक्ष के आसन के सामने आ गये । तख्तियों पर लिखा था, ”समाज सद्भाव की दुश्मन सरकार, नहीं चलेगी।”
अन्य कुछ तख्तियों पर सोनभद्र हत्याकांड और आजम खां पर फर्जी मामलों के बारे में लिखा था। सपा सदस्यों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की और आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। नेता प्रतिपक्ष राम गोविन्द चौधरी ने कहा कि विपक्षी सदस्यों की बात सुनी जानी चाहिए। इस बीच मुख्यमंत्री ने सोनभद्र हत्याकांड पर वक्तव्य दिया।
अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित की बार बार अपील के बावजूद विपक्षी सदस्यों का हंगामा नहीं रूका। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की बैठक 40 मिनट के लिए स्थगित कर दी। बाद में पूरे प्रश्नकाल तक यानी दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक सदन की बैठक स्थगित कर दी गई।


Download Android App
Download iOS App



