नोएडा में रेनीवेल का हुआ उद्घाटन, प्रतिदिन 12 से 14 मिलियन लीटर पानी मिलेगा

Summary :

नोएडा के रेनीवेल से 12-14 मिलियन लीटर पानी की आपूर्ति शुरू

नोएडा में लगातार खारे पानी की समस्या बनी हुई है और पूरे इलाके को गंगाजल सप्लाई नहीं मिल पाती। जिसके कारण कई इलाके ऐसे हैं जहां पर पीने के पानी की समस्या काफी ज्यादा है। इसी को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने रेनीवेल बनाकर उसका उद्घाटन किया है।

रेनीवेल को काम में लाया जाएगा ताकि पानी की कमी को दूर किया जा सके। इसी कड़ी में सोमवार को नोएडा के विधायक पंकज सिंह द्वारा मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम की उपस्थिति में सेक्टर-14A, नोएडा के सामने स्थित रेनीवेल संख्या-6 का उद्घाटन किया गया। यह रेनीवेल कई वर्षों से अक्रियाशील था, जिसे भारत सरकार की संस्था वैप्कॉस लिमिटेड से परामर्श के बाद पूरी तरह से सुदृढ़ कर क्रियाशील किया गया।

अब इस रेनीवेल से प्रतिदिन लगभग 12-14 मिलियन लीटर पानी (एमएलडी) प्राप्त किया जा सकेगा, जिसकी टीडीएस (टोटल डिसोल्वड सॉलिड्स) वैल्यू 350-360 के बीच है। इस नए जल स्रोत से नोएडा के 10-12 सेक्टरों में मिश्रित जलापूर्ति प्रदान की जा सकेगी, जिससे स्थानीय नागरिकों को साफ और पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। यह परियोजना क्षेत्रीय जल आपूर्ति व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और नोएडा के विकास में सहायक सिद्ध होगी।

गौरतलब है कि अभी तक नोएडा के अलग-अलग इलाकों में पानी की सप्लाई के लिए गाजियाबाद की तरफ से गंगाजल पानी की सप्लाई की जाती है। जिसे मिलाकर खारे पानी को ट्रीटमेंट प्लांट में डालकर उसे पीने लायक बनाया जाता है और फिर घरों में सप्लाई किया जाता है। लेकिन बावजूद इसके कई इलाके ऐसे हैं जहां पर 1300 से 1400 टीडीएस तक पानी लोगों को मिल रहा है। रेनीवेल के उद्घाटन होने के बाद उम्मीद की जा रही है कि ज्यादा से ज्यादा इलाकों में कम टीडीएस वाला पानी सप्लाई किया जाएगा और लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.